India-France Relationship: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुंबई में आयोजित इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने अपना संबोधन भी दिया. जिसमें फ्रांस के साथ रणनीतिक साझेदारी के मजबूत रिश्ते पर जोर दिया. आयोजन के बाद मैक्रों ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक फोटो शेयर किया. जिसके कैप्शन में लिखा, ‘जय हो’. मैक्रों की इस पोस्ट ने यह भी संकेत दिए कि दोनों देशों की दोस्ती कितनी गहरी है.
इंडिया में क्या बोले मैक्रों?
मुंबई में इंडिया फ्रांस इनोवेशन फोरम को संबोधित करते हुए मैक्रों ने खूब प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने जमीन, समुद्र और आसमान में एक-दूसरे को अपना साथी चुना है. इसके अलावा मैक्रों ने ‘मेक इन इंडिया पहल’ को भी साझेदार बताया और कहा कि आपने फ्रांस में जो भरोसा दिखाया है. उसके लिए हम आपके आभारी हैं.
Jai Ho! 🇮🇳🇫🇷 pic.twitter.com/SUx4ILKsip
— Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) February 17, 2026
इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम के दौरान मैक्रों ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया पहल’ में फ्रांस एक मजबूत साझेदार है. हमारा उच्च स्तर का सहयोग अगली पीढ़ी का इंजन, मल्टी रोल हेलिकॉप्टर, लड़ाकू विमान और पनडुब्बियां बनाएगा. मंगलवार को इसका समझौता हो गया है. जिसमें फ्रांस ने हैमर मिसाइलों के उत्पाद और 10 साल के समझौते वाले पक्ष पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.
भारत के साथ रिश्तों को लेकर बात की
मंगलवार को ‘भारत-फ्रांस नवोन्मेष वर्ष’ 2026 का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति ने उद्घाटन किया. जिसमें दशकों पुराने संबंधों को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने की बात की गई. मैक्रों ने कहा कि फ्रांस का एकमात्र स्पष्ट जवाब है कि वह भारत के साथ मजबूती के साथ खड़ा है. फ्रांस और भारत का रिश्ता हमेशा अमर रहेगा.
ये भी पढ़ेंः भारत समेत कई देशों में यूट्यूब ठप, करोड़ों यूजर्स परेशान, जानिए कंपनी ने क्या कहा
19 फरवरी तक भारत में रुकेंगे मैक्रों
बता दें, राष्ट्रपति मैक्रों तीन दिवसीय भारतीय दौरे पर हैं. प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. इस दौरान मैक्रों भारत द्वारा आयोजित एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और मुंबई में मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे.
