महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से चोरी की एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. इस घटना में एक 19 साल के लड़के ने अपने चाचा के घर से 15 तोला सोना चुराकर उसे बेच दिया और 10 लाख रुपये की नई महिंद्रा थार कार खरीदी. इसके बाद उसने गाड़ी का पूजन रखा और जिस चाचा के यहां से सोना चुराया था, उन्हीं को पूजन में भी बुलाया. जानिए फिर कैसे खुला राज.
पन्हाळा तहसील का मामला
दरअसल, यह पूरा मामला महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के पन्हाला तहसील के सातवे गांव का है. यहां के निवासी 19 वर्षीय युवक समर पोपट चव्हाण पर अपने चाचा के घर सोने की चोरी करने का आरोप लगा है. समर के घर के पास ही उसके चाचा उमेश मारुति चव्हाण का घर है. आरोप है कि करीब 1 महीने पहले समर ने अपने चाचा उमेश के घर से करीब 15 तोला सोने के गहने चुरा लिए.
10 लाख में बेच दिए गहने
इसके बाद उसने सुनार संग्राम बाबासो मोरे की मदद से गहने 10 लाख रुपये में बेच दिए. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, समर ने इन पैसों से महिंद्रा थार गाड़ी खरीदी. इसके बाद उसने नई गाड़ी के पूजन के लिए चाचा उमेश मारुती चव्हाण को भी आमंत्रित किया. पूजा में जाने के लिए तैयार होते समय उमेश ने अपने गहने तलाशे, लेकिन वे नहीं मिले.
पत्नी के गहने गायब लेकिन दादी के सुरक्षित
उन्हें यह देखकर हैरानी हुई कि घर में रखे उनकी दादी के गहने सुरक्षित थे, जबकि उनके और उनकी पत्नी के गहने गायब थे. इसके बाद उन्हें शक हुआ कि चोरी में किसी न किसी करीबी का हाथ हो सकता है. पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली तो जांच शुरू हुई. पुलिस को जब समर द्वारा नई गाड़ी खरीदने की बात पता चली तो उस पर शक गया.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान समर ने चोरी करना कबूल कर लिया है. इसके बाद पुलिस ने समर चव्हाण और सुनार संग्राम मोरे के गिरफ्तार कर लिया है. ये मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें:जामिया के बाद JNU में भी नारों पर बवाल! ‘उमर खालिद को रिहा करो’ लिखने पर मचा बवाल
