Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा(TET) से 24 घंटे पहले ही पेपर लीक होने के बाद एग्जाम को रद्द कर दिया गया. मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने भिवंडी से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली से भिवंडी आए थे. जिसे डेढ़ करोड़ रुपये में बेचने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
पेपर के 4 सेट लेकर आए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक टेट परीक्षा के 24 घंटे पहले पेपर लीक करने आए तीन आरोपियों को भिवंडी के कोनगांव थाना क्षेत्र से पकड़ा गया. तीनों आरोपी पेपर के 4 सेट बेचने के लिए आए थे. आरोपियों को पकड़ने के बाद पुष्टि के लिए महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) के अधिकारियों को बुलाया गया. इसके बाद अधिकारियों ने इस बात को सत्यापित कर दिया कि ये टेट परीक्षा का वही पेपर है जो 28 जून को होने वाला था.
सेंट्रल एग्जाम पास ना कर पाने पर करने लगा पेपर लीक
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजीव शाह (45), आकाश कुमार (30) और धीरज कुमार के रूप में हुई है. राजीव और आकाश बिहार के रहने वाले हैं, जबकि धीरज कुमार हरियाणा का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि इनमें से एक आरोपी केंद्रीय विद्यालय में नौकरी दिलाने के लोगों को जाल में फंसाता था, वहीं दूसरा आरोपी कई बार केंद्रीय स्तर की परीक्षाओं में शामिल हुआ, लेकिन सफल नहीं हो पाया, जिसके बाद पेपर लीक करने की घटनाओं में जुड़ गया.
पुलिस आरोपियों पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है. संभावना जताई जा रही है कि पेपर लीक घटनाओं को संगठित रूप से अंजाम दिया जा रहा है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों को लेकर भी जांच कर रही है.
‘परीक्षा व्यवस्था वसूली का सिस्टम बना दिया’
वहीं महाराष्ट्र में टेट परीक्षा का पेपर लीक होने पर विपक्ष हमलावर है. राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘एक और पेपर लीक. एक और परीक्षा रद्द. इस बार महाराष्ट्र का TET. देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को वसूली का सिस्टम बना दिया गया है, जिससे देश का हर युवा असुरक्षित है. यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, यह युवाओं के भविष्य की चोरी है.’
एक और पेपर लीक।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 27, 2026
एक और परीक्षा रद्द।
इस बार महाराष्ट्र का TET।
देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को वसूली का सिस्टम बना दिया गया है, जिससे देश का हर युवा असुरक्षित है।
यह सिर्फ पेपर लीक नहीं,
यह युवाओं के भविष्य की चोरी है।
परीक्षा रद्द, दोबारा नहीं देना होगा शुल्क
वहीं पेपर लीक होने के बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने 28 जून को होने वाली टेट परीक्षा को रद्द कर दिया है. हालांकि काउंसिल का कहना है कि दोबारा होने वाले एग्जाम के लिए अभ्यर्थियों को कोई भी शुल्क नहीं देना होगा. परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ करवाई जाएगी. बता दें इस परीक्षा में 4.28 लाख से ज्यादा छात्र-छात्रा शामिल होने वाले थे. इसके लिए पूरे प्रदेश में 1,729 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे.
SIT का गठन, 2 ACP समेत 31 पुलिसकर्मी शामिल
पेपर लीक के बाद राज्य सरकार की तरफ से एसआईटी का गठन किया गया है. इसमें 2 एससीपी, नौ पुलिस निरीक्षक और 20 पुलिसकर्मी शामिल हैं. एसआईटी अलग-अलग टीम बनाकर अलग-अलग राज्यों में पेपर लीक से जुड़ी जांच करेगी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके, 6.2 मापी गई तीव्रता; घरों और दफ्तरों से बाहर निकले लोग
