Vistaar NEWS

Surajkund Mela: फरीदाबाद के सूरजकुंड में झूला गिरने से बड़ा हादसा, इंस्पेक्टर की मौत, कई लोग घायल

A major accident occurred due to the swing breaking in Surajkund.

सूरजकुंड में झूला टूटने से बड़ा हादसा हो गया.

Surajkund Mela: हरियाणा के फरिदाबाद में शनिवार को सूरजकुंड में झूला गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इसमें एक इंस्पेक्टर की मौत हो गई. जबकि 8 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि सुनामी झूले पर करीब 18 लोग सवार थे. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. जिनका इलाज जारी है.

ऊपर जाकर अटका झूला, फिर नीचे गिरा

सूरजकुंड मेले में मौके पर मौजूद चश्मदीद के मुताबिक झूला ऊपर की तरफ जाने के बाद अचानक अटक गया था. फिर झूला अचानक से तेज-तेज चलने लगा. इसके बाद लोग चिल्लाने लगे थे. कुछ लोग बचाने के लिए झूले के ऊपर चढ़े. इस दौरान कुछ लोगों को नीचे उतार भी लिया गया. लेकिन तभी अचानक झूला नीचे गिर गया और झूले में फंसे हुए लोग घायल हो गए.

CM नायब सिंह सैनी ने दुख व्यक्त किया

वहीं हादसे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दुख व्यक्त किया है. सीएम सैनी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं. इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित एवं तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है.’

‘दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी’

वहीं हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पूरे मेला ग्राउंड को खाली करवा लिया गया है. आला अधिकारियों का कहना है कि इस हादस के लिए जो भी लोग दोषी हैं, उनको बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

31 जनवरी को शुरू हुआ था सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला

39वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला 31 जनवरी को शुरू हुआ था. ये मेला 15 फरवरी तक चलेगा. इस मेले का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया था. मेले में देश के अलावा 45 से ज्यादा देशों के कालाकार हिस्सा लेने पहुंचे.

ये भी पढ़ें: ICC की सख्ती के आगे पाकिस्तान ने टेके घुटने, IND vs PAK मैच पर बदले तेवर, अब बातचीत को तैयार

Exit mobile version