Manipur Teacher Murder in Delhi: नई दिल्ली में मणिपुर के रहने वाले 55 साल के म्यूजिक टीचर चोंगथाम विक्रम सिंह की हत्या ने सनसनी फैला दी है. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी इलाके में रविवार देर रात कुछ युवकों ने हमला किया था. गंभीर रूप से घायल विक्रम ने सोमवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में कुछ आरोपी वारदात के बाद सीढ़ियों से नीचे उतरकर भागते दिखाई दे रहे हैं.
पूरी घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे विक्रम सिंह घर से बाहर निकले थे. बताया जा रहा है कि उनके घर के आसपास कुछ युवक शोर-शराबा कर रहे थे. विक्रम ने उन्हें आवाज कम करने के लिए कहा था. इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया.
पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने विक्रम सिंह का पीछा करते हुए उन्हें उनके घर की ओर दौड़ाया और बुरी तरह पीटा. CCTV में रात करीब 12:06 बजे उन्हें भागते हुए देखा गया. शोर सुनकर उनका बेटा भी बाहर आया, लेकिन तब तक हमलावर वहां से निकल चुके थे. करीब 10 मिनट बाद परिवार के लोग घायल विक्रम को अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई . इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया था. बाद में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि मामले के सभी आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. उन्होंने मजबूत चार्जशीट जल्द दाखिल किए जाने की बात भी कही है.
विक्रम सिंह की पहचान सिर्फ एक टीचर के तौर पर नहीं थी. वह मणिपुर के शुरुआती रॉक संगीत से जुड़े चर्चित गिटारिस्ट भी थे. साल 1980 के दशक में ‘फीनिक्स’ जैसे बैंड के साथ काम कर चुके थे. बाद में उन्होंने दिल्ली में संगीत शिक्षक के रूप में बच्चों को म्यूजिक सिखाया. उनकी मौत से मणिपुर के संगीत जगत और दिल्ली में रह रहे पूर्वोत्तर के लोगों के बीच गहरा गुस्सा है.
ये भी पढ़ें: ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में पीएम मोदी का Gen-Z से सीधा संवाद, 6 हजार से ज्यादा युवा मौजूद
