Vistaar NEWS

‘भारतीय लोकतंत्र में हर आवाज के लिए जगह…’, कॉकरोच जनता पार्टी पर RSS की पहली प्रतिक्रिया

Mohan Bhagwat

मोहन भागवत

Cockroach Janata Party: देशभर में हाल ही सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई है. संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि भारत का लोकतंत्र इतना व्यापक और मजबूत है कि वह हर तरह की आवाज़, विचार और भावनाओं को अपने भीतर जगह दे सकता है. उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी, खासकर Gen-Z, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान पर भरोसा रखती है.

नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान आंबेकर से जब कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधे किसी विवाद में पड़ने के बजाय लोकतांत्रिक मूल्यों पर जोर दिया. उनका कहना था कि भारत में चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी है, मीडिया स्वतंत्र है और सोशल मीडिया जैसे मंचों पर लोगों को अपनी बात रखने की पूरी आज़ादी है. ऐसे में अलग-अलग विचारों और अभियानों का सामने आना लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है.

उन्‍होंने कहा कि इस तरह की हलचलों को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा माना जाना चाहिए. मेरा मानना ​​है कि मीडिया उन्हें संभालने के लिए पर्याप्त रूप से स्वतंत्र है. राजनीतिक दल भी मौजूद हैं और सक्षम हैं. हमारी कोई भी संस्था कमजोर नहीं है.’

अभिजीत दीपके ने बनाई थी पार्टी

दरअसल “कॉकरोच जनता पार्टी” कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक व्यंग्यात्मक अभियान है. इसकी शुरुआत अभिजीत दीपके ने की थी. बताया जाता है कि यह अभियान उस विवाद के बाद चर्चा में आया, जब बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई एक टिप्पणी पर सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. देखते ही देखते यह अभियान लाखों युवाओं तक पहुंच गया और इसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर करोड़ों फॉलोअर्स जुड़ गए.

क्‍यों अहम है संघ की प्रतिक्र‍िया?

RSS की प्रतिक्रिया इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है. संघ ने अपने बयान में साफ संकेत दिया है कि लोकतंत्र में हर विचार और हर आवाज़ के लिए जगह है, बशर्ते वह संवैधानिक दायरे के भीतर हो. आंबेकर ने कहा कि भारत का युवा भविष्य को लेकर आशावान है और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से अपनी बात रख रहा है.

ये भी पढ़ें: अवैध घुसपैठियों पर शिकंजा! 2,680 संदिग्ध बांग्लादेशियों की लिस्‍ट तैयार, वापसी की कोशिशें तेज

Exit mobile version