Vistaar NEWS

मुंबई में 102 रु-लीटर हुआ दूध, आज से CNG-PNG के भी बढ़ गए दाम, जानें नए रेट

Mumbai Price Hike

रोजमर्रा के चीजों के बढ़े दाम

September Utility Fare Inflation: नए महीने सितंबर की शुरुआत महंगाई के साथ हुई है. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रहने वाले लोगों को एक बार फिर महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी. राज्य सरकार ने रोजमर्रा की तीन चीजों के दामों में इजाफा किया है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों की जेब पर पड़ेगा. सरकार ने आज 1 सितंबर से दूध, CNG-PNG और ऑटो-टैक्सी का किराया बढ़ा दिया है. यानी अब इन तीन चीजों को खरीदना पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो गया है. ऐसे में आइए जानते है कि नई दरें लागू होने के बाद इन तीन चीजों के दामों में कितना इजाफा हुआ है.

मुंबई में CNG-PNG महंगी

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) के अनुसार, मुंबई समेत कई आस-पास के इलाकों में CNG के दाम बढ़ा दिए गए हैं. CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद अब मुंबई में CNG 88 रुपये प्रति किलो मिलेगी. वहीं कंपनी ने घरेलू PNG के दामों में भी 1 रुपये प्रति SCM की वृद्धि की है. CNG और PNG के ये बढ़े हुए दाम आज 1 सितंबर 2026 से लागू हो चुके हैं. कीमतो में इस उछाल के कारण अब उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी होगी.

CNG और PNG के दाम क्यों बढ़े?

तेल कंपनियों का कहना है कि पश्चिमी देशों में लगातार चल रहे तनाव और संघर्ष के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर उनकी लागत पर पड़ रहा है. वहीं महानगर गैस लिमिटेड (MGL) के अनुसार, घरेलू गैस की कमी को पूरा करने के लिए उन्हें ज्यादा कीमतों पर Spot RLNG का आयत करना पड़ रहा है. इसी बढ़ती लागत के कारण कंपनियों को CNG और PNG के दाम बढ़ाने पड़े हैं.

बढ़े हुए दामों का असर इन लोगों पर पड़ेगा

बढ़े हुए दामों का सीधा असर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, धाराशिव और कर्नाटक के चित्रदुर्ग-दावणगेरे जिलों के करीब 13 लाख से अधिक CNG वाहन चालकों पर पड़ेगा. वहीं घरेलू PNG महंगी होने से करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को अब पहले से ज्यादा जेब ढीली करनी होगी. कुल मिलाकर कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले आम लोगों के मासिक बजट पर होगा.

ऑटो और टैक्सी का सफर भी हुआ महंगा

मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने ऑटो और टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. अब ऑटो का न्यूनतम किराया 23 रुपये से बढ़कर 27 रुपये और काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 28 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो गया है. इसके साथ ही प्रति किलोमीटर की दर भी ऑटो के लिए 18.22 रुपये और टैक्सी के लिए 21.90 रुपये कर दी गई है.

ये भी पढ़ें-1 September Rule Change: LPG से लेकर विदेश यात्रा.. 1 सितंबर से बदलेंगे ये 5 बड़े नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

तबेले का दूध हुआ महंगा

दूध हर घर की रोजमर्रा की जिंदगी का एक अहम हिस्सा है. BMPA ने तबेले में मिलने वाले भैंस के दूध के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी है. इस फैसले के बाद आज से दूध सीधे 9 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है. अब यदि आप दुकान या डेयरी पर दूध लेने जाते हैं, तो आपको 93 रुपये की जगह 102 रुपये प्रति लीटर की कीमत चुकानी होगी. एसोसिएशन के अनुसार, दूध के ये बढ़े हुए दाम 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगे और इस दौरान कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.

Exit mobile version