Dhirendra Shastri Pandokhar Sarkar: मध्य प्रदेश के दतिया स्थित पंडोखर धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज उर्फ पंडोखर सरकार ने एक बार फिर बागेश्वर बाबा को लेकर तीखा बयान दिया है. इस बार उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को खुली चुनौती तक दे दी है. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पूरा मामला 13 सितंबर का है जब पंडोखर सरकार अपने दरबार में लोगों से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने वीरेंद्र शास्त्री का बिना नाम लिए उन पर हमला बोला है.
धीरेंद्र शास्त्री को लेकर पंडोखर सरकार ने कहा कि ज्यादा दिन कोई किसी को गुमराह नहीं कर सकता है. वे अपने भाई की हरकतें नहीं सुधार पाए हैं. आए दिन वह नशा मुक्ति केंद्र में ही पड़ा रहता है. इसके बाद भी वह लोगों के नशा छुड़ाने के दावा करते हैं.
गुरुशरण महाराज ने क्या-क्या कहा?
गुरुशरण महाराज अपनी वीडियो में कह रहे हैं कि जिस व्यक्ति से अपने परिवार को संभालना और सुधारना संभव नहीं हुआ, वह दूसरों को रास्ता दिखाने का दावा कैसे कर सकता है. उन्होंने इशारों में कहा कि एक भाई जेल जा चुका है और दूसरे को भी जेल जाना पड़ सकता है. उन्होंने परिवार में पिता को लेकर भी सवाल उठाए है.
दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग को जुलाई 2026 में किसान पर गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. फिलहाल वह जेल में बंद है. उसकी जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी है. इसी मामले को लेकर पंडोखर सरकार ने कथित तौर पर निशाना साधा है. उन्होंने आगे कहा कि जब अपने भाई और पिता को नहीं सुधार पाए तो लोगों को कितना गुमराह किया जाएगा.
पंडोखर बाबा ने अपने काम करने और दरबार लगाने को लेकर भी बात की है. उन्होंने कहा कि वह किसी चैनल पर जाकर मदद मांगने या रोने-गाने के बजाय अपनी विद्या और मेहनत के दम पर काम करते हैं.
1.41 करोड़ रुपये की खुली चुनौती
पंडोखर सरकार ने इसी दौरान पर्ची निकालकर लोगों की समस्याएं बताने वाले बाबाओं को खुली चुनौती भी दे डाली.उन्होंने कहा कि आगामी यज्ञ के मंच पर पांच सवाल पूछे जाएंगे. इनमें से चार सवालों का बिल्कुल सही जवाब देने वाले को 1 करोड़ 41 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. ऐसा पहली बार नहीं है जब पंडोखर बाबा ने इस तरह की टिप्प्णी की हो. पहले भी वह इस तरह की बयानबाजी करते आए हैं. दूसरी तरफ पिछली बार हुई बयानबाजी के बाद दोनों ही बाबा एक साथ गले मिलते और हंसते मुस्कुराते नजर आए थे. अब देखना होगा कि इस बार की टिप्पणी के बाद बाबा बागेश्वर का क्या रिएक्शन रहता है.
ये भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO का ट्रांसफर, 2 साल पहले संभाला था काम, अब मिली दूसरी बड़ी जिम्मेदारी
