Vistaar NEWS

Parliament Session: ‘मिडिल ईस्ट में हालात चिंताजनक…’, पीएम मोदी बोले- 3 लाख लोग सुरक्षित भारत आए

PM Modi in Lok Sabha

लोकसभा में पीएम मोदी

Parliament Budget Session: शनिवार और रविवार के अवकाश के बाद आज फिर संसद के बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होगी. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज राज्यसभा में विधेयक पेश करेंगे. लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को लागू करने के लिए वित्त बिल, 2026 का प्रस्ताव रखेंगी. आज भी संसद हंगामेदार रहने के आसार हैं. दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा देखने को मिल सकता है. यहां पढ़ें पल-पल की अपडेट्स.

Kamal Tiwari

पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे मिशन नियमित रूप से एडवाइजरी जारी कर रहे हैं. यहां भारत में और अन्य प्रभावित देशों में 24×7 कंट्रोल रूप और आपातकालीन हेल्पलाइन स्थापित की गई हैं. इनके माध्यम से सभी प्रभावितों को त्वरित जानकारी दी जा रही है. संकट की इस स्थिति में देश-विदेश में भारतीयों की सुरक्षा हमारी बहुत बड़ी प्राथमिकता रही है. युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 3 लाख, 75 हजार से अधिक भारतीय सुरक्षित भारत पहुंच चुके हैं.’

Kamal Tiwari

मिडिल ईस्ट तनाव पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘ये आवश्यक है कि भारत की संसद से इस संकट को लेकर एकमत और एकजुट आवाज दुनिया में जाए. जबसे ये युद्ध शुरू हुआ है, तबसे ही प्रभावित क्षेत्रों में हर भारतीय को जरूरी मदद दी जा रही है. मैंने खुद पश्चिम एशिया के ज्यादातर राष्ट्राध्यक्षों के साथ दो राउंड फोन पर बात की है. सभी ने भारतीयों की सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया है. दुर्भाग्य से इस दौरान कुछ लोगों की दुखद मृत्यु हुई है और कुछ लोग घायल हुए हैं. ऐसे मुश्किल हालात में परिवारजनों को मदद दी जा रही है.’

Kamal Tiwari

पीएम मोदी ने लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान कहा, ‘भारत के सामने भी इस युद्ध ने अप्रत्याशित चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ये चुनौतियां आर्थिक भी हैं, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी भी है और मानवीय भी हैं. युद्धरत और युद्ध से प्रभावित देशों के साथ भारत के व्यापक व्यापारिक रिश्ते हैं. जिस क्षेत्र में ये युद्ध हो रहा है, वह दुनिया के दूसरे देशों के साथ हमारे व्यापार का भी एक महत्वपूर्ण रास्ता है. विशेष रूप से कच्चे तेल और गैस की हमारी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा यही क्षेत्र पूरा करता है.’

Kamal Tiwari

पीएम मोदी ने कहा- इस समय पश्चिमी एशिया की हालत चिंताजनक है. बीते 2-3 हफ्तों में जयशंकर जी ने और हरदीप पुरी ने इस विषय पर संसद को जरूरी जानकारी दी है. अब इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर, लोगों के जीवन पर बहुत ही विपरित असर हो रहा है. इसलिए पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है.

सुधीर सिंह

मिडिल ईस्ट टेंशन पर लोकसभा में 2 बजे PM मोदी का संबोधन.

सुधीर सिंह

एलपीजी संकट पर मनीष तिवारी बोले- हम एक सेंसिटिव दौर में आ गए हैं.

सुधीर सिंह

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, “कोई बता नहीं सकता है कि भारत देश की भूमिका क्या है. यह युद्ध(US-इज़राइल बनाम ईरान संघर्ष) बहुत खतरनाक मोड़ पर आ चुका है. भारत 140 करोड़ लोगों का देश है, लेकिन आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने इस युद्ध पर अपना मत व्यक्त नहीं किया है. डर किस बात का है? उन्हें बताना चाहिए कि हमारी भूमिका क्या है और हम आगे क्या करने जा रहे हैं?”

सुधीर सिंह

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रखेंगी प्रस्ताव

सुधीर सिंह

सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, “इस युद्ध(US-इजरायल बनाम ईरान संघर्ष) का बुरा प्रभाव सारी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है. बड़े पैमाने पर ईंधन की कमी होती जा रही है और इसी के चलते हमारी तेल कंपनियों को बहुत घाटा हो रहा है. हमें लगता है कि सरकार इंतजार कर रही है कि आखिर कब इन 4 राज्यों के चुनाव हों और कब पेट्रोल और डीजल के दाम 50-60 रुपए लीटर बढ़ाए जाएं.”

Exit mobile version