Vistaar NEWS

प्रशांत किशोर की जन सुराज के मैनेजर की संदिग्ध हालात में मौत, एक द‍िन पहले ट्रेन से हुए थे लापता

Devpalik Gupta

प्रशांत किशोर और मैनेजर देवपालिक

Devpalik Gupta: झारखंड में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता की मौत से हड़कंप मच गया है. वह सोमवार को रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे. लेकिन, इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए. मंगलवार को उनका शव झारखंड में रेलवे ट्रैक के पास झाड़‍ियों में मिला है. फ‍िलहाल पुल‍िस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है.

देवपालिक गुप्ता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे. वह अपने दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार के साथ रांची से पटना जा रहे थे. दोनों सोमवार दोपहर करीब 2:25 बजे रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे. ट्रेन चलने के लगभग 10 मिनट बाद देवपालिक ने अपने साथियों से कहा कि वह कुछ खाने का सामान लेने पैंट्री कार जा रहे हैं.

काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनके साथियों को चिंता हुई. उन्होंने पहले पैंट्री कार में उनकी तलाश की और फिर ट्रेन के दूसरे डिब्बों में जाकर देखा. लेकिन, देवपालिक कहीं नहीं मिले. इसके बाद मामले की जानकारी राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को दी गई.

रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

मंगलवार को देवपालिक का शव रांची-मुरी रेल लाइन के पास जरवाडीह गांव में रेलवे पोल संख्या 379/18 के नजदीक मिला. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में चलती ट्रेन से गिरने की आशंका है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज द‍िया गया है. 

देवपालिक गुप्ता दिल्ली के भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के पूर्व छात्र थे और जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन का काम संभालते थे. उनकी मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:राहुल गांधी केस में वकील की दलील पर भड़के CJI, क्यों बोले- न्यूज चैनल से बात करके आए?

Exit mobile version