PM Modi birthday 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 17 सितंबर को 76 साल के हो गए हैं. जन्मदिन के साथ ही उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों की तैयारी की है. शाम के समय ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत घरों और सार्वजनिक स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे. बीजेपी ने लोगों से शाम के तय समय पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लिए शुभकामनाएं देने की अपील की है.
मध्य प्रदेश में जन्मदिन के मौके पर बड़ा दीपोत्सव आयोजित किया जा रहा है. उज्जैन के महाकाल लोक समेत प्रदेशभर में करीब 58 लाख दीपक जलाने की तैयारी है. इसके साथ ही राज्य में एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी होगी. कार्यक्रम को प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन से जोड़कर देखा जा रहा है.
हरियाणा में लाखों दीप जलाने की तैयारी की तैयारी
हरियाणा में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है. राज्य सरकार के मुताबिक 17 सितंबर की शाम पूरे प्रदेश में दीप जलाए जाएंगे. अलग-अलग रिपोर्टों के अनुसार गरीब और वंचित परिवारों के लिए 80 लाख दीये वितरित किए गए हैं, जबकि राज्य में कुल सवा करोड़ दीये जलाने की तैयारी बताई गई है. कार्यक्रम की शुरुआत कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर से किए जाने की योजना है.
काशी-वडनगर से बाइक सेवा यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उनकी जन्मभूमि वडनगर और लोकसभा क्षेत्र वाराणसी को जोड़ते हुए ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्राएं भी शुरू होंगी. दोनों यात्राएं 17 सितंबर को रवाना होंगी और 7 अक्टूबर तक चलने का कार्यक्रम है. इसमें करीब 1,000 युवा शामिल होने वाले हैं. यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण और नशामुक्ति जैसे अभियानों से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे.
महीनेभर चलेगा अभियान
बीजेपी ने जन्मदिन के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ को भी जोड़ा है. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में रक्तदान, स्वच्छता, पौधरोपण, डिजिटल साक्षरता और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम तय किए गए हैं. पार्टी के मुताबिक इसका फोकस सेवा, जनभागीदारी और प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को जनता तक पहुंचाने पर रहेगा.
ये भी पढ़ें:MP वालों के लिए खुशखबरी! PM Modi के जन्मदिन पर होंगी 50 लाख फ्री रजिस्ट्री, उज्जैन में जलेंगे 25 लाख दिए
