Vistaar NEWS

अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, 25 की जगह 18% किया; ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया इंडिया का शक्तिशाली नेता

PM Modi and President Trump.

PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप.

Trump talks to PM Modi: भारत और अमेरिका में टैरिफ तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत की है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुद ट्रूथ पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अमेरिका ने पारस्परिक शुल्क को घटाकर 25 प्रतिशत से 18 प्रतिशत कर दिया है. साथ ही ट्रंप ने भारत की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को शक्तिशाली और सम्मानित नेता बताया है.

‘PM मोदी मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ पर जानकारी देते हुए लिखा, ”आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी. वे मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं. हमने व्यापार और रूस व यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने समेत कई विषयों पर चर्चा की. वे रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका और संभावना है कि वेनेजुएला से ज्यादा तेल खरीदने पर सहमत हुए हैं. इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं.”

टैरिफ 25 से घटाकर 18 प्रतिशत किया

ट्रंप ने आगे लिखा, ”प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर, तत्काल प्रभाव से, हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की. जिसके तहत अमेरिका पारस्परिक शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर देगा. भारत भी इसी प्रकार अमेरिका के विरुद्ध अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा. प्रधानमंत्री मोदी ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य कई उत्पादों के अलावा, ‘अमेरिकी उत्पाद खरीद’ के प्रति और भी अधिक प्रतिबद्धता जताई. भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे. प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे व्यक्ति हैं जो काम को अंजाम देते हैं, जो कि अधिकांश लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता हैं. इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद.”

अमेरिकी राजदूत ने दोनों नेताओं की तस्वीर साझा की

इसके पहले भारत में अमेरिकी के राजदूत सर्जियो गोर ने दोनों नेताओं की फोटो शेयर की है. सर्जियो ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ने PM मोदी से बातचीत की है. बने रहिए.’

ट्रंप ने इंडिया गेट की तारीफ की

वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इससे पहले सोमवार को भारत के इंडिया गेट की तारीफ की है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ पर लिखा, भारत का इंडिया गेट बहुत खूबसूरत है. हमारा वाला इससे महान होगा.’

दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति ने इंडिया गेट की जैसी आकृति वाशिंगटन डीसी में बनवाने की इच्छा जाहिर की है. ट्रंप का कहना है कि इंडिया गेट से भी बड़ा कंस्ट्रक्शन वे वाशिंगटन डीसी में करवाएंगे.

बता दें राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को ऐसे समय में फोन किया है, जब भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर अमेरिका के 3 दिवसीय दौरे पर गए हैं.

ये भी पढे़ं: बिहार में चलेगी पहली बुलेट ट्रेन, किन जगहों से होकर गुजरेगी? जानिए पूरा रूट

Exit mobile version