Vistaar NEWS

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ दिल्ली कूच करेंगे राहुल गांधी, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली

rahul gandhi

राहुल गांधी

Rahul Gandhi Chalo Delhi March: देशभर में वोट चोरी का मुद्दा और उसको लेकर हो रहा विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. तमाम विपक्षी दल देश के अलग-अलग शहरों में विरोध कर रहे हैं. तो वहीं दूसरी तरफ इंड‍िया गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करने जा रही है. इस रैली को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ नाम दिया गया है.

राहुल गांधी ने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से इसमें शामिल होने की अपील की है. उनका कहना है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों को आगे आना होगा. दूसरी तरफ दिल्‍ली के छोटे-बड़े व्यापारी राहुल गांधी से इस रैली की तारीख बदलने की मांग कर रहे हैं.

राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए गए हैं. इसके साथ ही चुनाव से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है.

वोट आपका, लड़ाई भी आपकी- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि वोट जनता का अधिकार है और इसकी रक्षा की जिम्मेदारी भी लोगों की है. कांग्रेस इस रैली के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहती है.

राहुल ने अपनी पोस्ट में बीजेपी और उसके सहयोगियों पर भी तंज कसा है. उन्होंने कहा कि वे उनकी रैली का प्रचार करने में मदद कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने आने वाले दिनों में भी इसी तरह प्रचार जारी रखने की बात कही.

SIR और चुनाव आयोग पर विपक्ष का निशाना

इस रैली का संबंध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर चल रहे विवाद से भी है. कांग्रेस और विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए हैं. विपक्षी गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं.

दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में 1 नवंबर को रैली आयोजित करने के लिए कांग्रेस को अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) दे दिया है. पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: ‘राष्ट्रपति क्रूर और असभ्य…’, मिडटर्म चुनाव की वोट‍िंग के बीच डोनाल्‍ड ट्रंप पर ओबामा का हमला

Exit mobile version