BJP Protests Rahul Gandhi Remarks: लोकसभा में आज राहुल गांधी जब एंटी पेपर लीक पर चर्चा कर रहे थे, तो इस दौरान जमकर हंगामा हुआ. राहुल गांधी ने चर्चा के दौरान कुछ ऐसे शब्द बोले, जिसे सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया है. राहुल गांधी ने लोकसभा में छात्रा से बातचीत के आधार पर ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया. जिसका वहां पर उपस्थित सत्ता पक्ष के सांसदों ने जोरदार विरोध किया. हालांकि, भारी विरोध के बीच राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी को ‘इडियट’ नहीं कर रहे हैं. फिलहाल, अब राहुल गांधी के बयान को लेकर संसद में हंगामे की स्थिति बनी हुई है.
क्या बोले राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक छात्रा के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, “उसने कहा कि एक छात्र गर्व से सच को अपनी छाती पर पहनता है. मैंने पूछा, दूसरी तरह के छात्र का क्या? उसने कहा कि दूसरी तरह के छात्र को एक इमेज की जरूरत होती है. उसे एक इमेज चाहिए होती है और चूंकि वह इमेज सच नहीं होती, क्योंकि वह ‘बेवकूफ’ खुद को भगवान दिखाने की कोशिश कर रहा होता है. इसलिए उसे एक बहुत बड़ी इमेज बनानी पड़ती है. मैंने उससे पूछा कि ये तीसरी श्रेणी कहां जाती है? ‘अंधभक्त’ वाली श्रेणी. उसने कहा, ‘अंधभक्त’ वह व्यक्ति है जिसे पूरा यकीन होता है कि कोई दूसरा बेवकूफ ही भगवान है.”
#UPDATE लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द को कार्यवाही से हटा दिया गया है। https://t.co/oEyTHH5pfT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 29, 2026
इडियट कहने पर शुरू हुआ विवाद
राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि जब मैं छात्रा से पूछा कि जो किसी की बात नहीं सुनते, उसे क्या कहती हो? उसने कहा “मैं उन्हें Idiots कहती हूं.” मैंने सोचा, ‘इडियट’ भी हैं और स्टूडेंट भी हैं. यह सुनते ही सत्ता पक्ष के सांसदों ने जमकर हंगामा किया और आपत्ति जताते हुए कहा कि राहुल गांधी ने असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल किया है. इस दौरान स्पीकर ने भी कहा कि जो शब्द असंसदीय हैं, उसे निकाल दिया जाएगा. तब राहुल गांधी ने कहा कि ‘इडियट’ शब्द की जगह मैं दूसरा शब्द दे देता हूं. इस पर स्पीकर ने कहा कि इसके लिए आपको व्यवस्था देने की जरूरत नहीं है, मैं व्यवस्था दे चुका हूं.
ये भी पढ़ेंः नीट पेपर लीक मामले में CBI ने दाखिल की 20,000 पन्नों की चार्जशीट, 3 अगस्त को खुलेंगे राज?
राजनाथ सिंह ने सदन की कार्यवाही से हटाने की बात कही
राहुल गांधी के ‘इडियट’ वाले शब्द पर दखल देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सदन के रिकॉर्ड से ‘इडियट’ वाली टिप्पणी हटा दें और राहुल गांधी को अपनी बात जारी रखने दिया जाए. तब लोकसभा स्पीकर ने सदन की कार्यवाही से ‘इडियट’ शब्द को हटाने की बात कही. इस दौरान राहुल गांधी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा. जिसकी वजह से जमकर हंगामा हुआ. भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.
