Rahul Gandhi in Columbia University: कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस समय अमेरिका दौरे पर हैं. जहां उन्होंने एक बार फिर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है. न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है.
राहुल गांधी ने कहा कि देश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और शिक्षा व्यवस्था में भी कई कमियां हैं. राहुल के मुताबिक, इन हालात का सबसे ज्यादा असर देश के युवाओं पर पड़ रहा है. खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले पढ़े-लिखे युवाओं में निराशा बढ़ रही है.
युवाओं को माता-पिता की सलाह पर भी भरोसा नहीं
राहुल गांधी ने युवाओं और उनके माता-पिता के बीच बढ़ती सोच की दूरी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले की पीढ़ी जिस रास्ते पर चलकर आगे बढ़ी, आज के युवाओं को लगता है कि वह तरीका अब काम नहीं कर रहा है. नई पीढ़ी अपने माता-पिता से सवाल कर रही है कि जब उनके पास अच्छी नौकरी और सफलता नहीं है. तो वे उन्हें उसी रास्ते पर चलने की सलाह क्यों दे रहे हैं.
राहुल ने कहा कि युवाओं की यह नाराजगी केवल नौकरी नहीं मिलने तक सीमित नहीं है. बल्कि उन्हें अपने आने वाले कल को लेकर भी भरोसा नहीं है. उनके मुताबिक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं को नजरअंदाज करने से हालात और खराब हो सकते हैं.
दो दिन के अमेरिका दौरे पर हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी दो दिन के अमेरिका दौरे पर हैं. न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम के बाद उनका 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का भी कार्यक्रम है. यहां भी वे छात्रों और शिक्षाविदों से बातचीत करेंगे.
बीजेपी ने राहुल के बयान पर उठाए सवाल
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को ‘एंटी इंडिया प्रोपेगेंडा का नेता’ बताते हुए उनकी आलोचना की. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, ऐसे में विदेश में देश की अर्थव्यवस्था को आर्थिक आपदा बताना गलत है.
ऐसा पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने विदेश में भारत को लेकर अपनी बात रखी हो. इससे पहले भी कई बार कई समस्याओं को लेकर खुलकर बात रख चुके हैं. हालांकि इसको लेकर उन पर आरोप लगा कि वह विदेशों में भारत की छवि खराब करने का करते हैं.
