Vistaar NEWS

Jharkhand Air Ambulance Crash: रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा में हुई क्रैश, हादसे में 7 लोगों की मौत

ranchi delhi air ambulance crash

विमान का मलबा

Jharkhand Air Ambulance Crash: झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया में क्रैश हो गई. इस हादसे में सभी सात सवार लोगों की मौत हो गई. दुर्घटना सोमवार (23 फरवरी) शाम करीब 7.34 बजे हुई. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (Air Traffic Control) से विमान का संपर्क टूट गया था, जिसके बाद पता चला कि एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है.

आखिर कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि विमान के उड़ान भरने के बाद एटीसी से संपर्क टूट गया. लगभग 20 मिनट तक एयर एंबुलेंस का कोई पता नहीं चला. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक रांची हवाई अड्डे के डायरेक्टर विनोद कुमार ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि विमान के उड़ान भरने के 20 मिनट बाद ही प्लेन का संपर्क एटीसी से टूट गया. उन्होंने आगे बताया कि इसकी वजह खराब मौसम हो सकती है.

प्लेन में कौन-कौन सवार था?

झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले मरीज (संजय कुमार, 41 साल) को 65 फीसदी तक जलने के बाद स्थानीय अस्पताल में 16 फरवरी को लाया गया था. जहां उनका इलाज जारी था. उनके बेहतर इलाज के लिए परिजनों ने उन्हें दिल्ली ले जाने का फैसला लिया. इसके बाद वे रांची से दिल्ली के लिए शाम 7.11 बजे रवाना हुए थे. प्लेन में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें दो क्रू मेंबर थे.

एयर एंबुलेंस में सवार लोगों की जानकारी भी सामने आई है. एबीपी न्यूज के अनुसार प्लेन में पायलट विवेक विकास बिलागत, को पायलट सवरदीप सिंह के अलावा संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी (अटेंडेंट), धुरू कुमार (अटेंडेंट), विकास कुमार (डॉक्टर) और सचिन कुमार मिश्रा (चिकित्सा सहायक स्टाफ)सवार थे.

ये भी पढ़ें: AI समिट प्रोटेस्ट मामले में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, IYC का दावा

DGCA ने प्लेन क्रैश के बारे में क्या कहा?

दुर्घटना की जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (Aircraft Accident Investigation Bureau) का दल जांच के लिए हादसे वाली जगह के लिए रवाना हो गया है. वहीं, नागरिक उड्डयन निदेशालय (DGCA) ने हादसे की पुष्टि की है. डीजीसीए के ओर से जारी बयान में कहा गया कि शाम 7.34 बजे आखिरी बार प्लेन कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संपर्क में था. इस बाद संपर्क नहीं हो पाया. आखिरी संपर्क वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दूर दक्षिण पूर्व इलाके में रहा.

Exit mobile version