Vistaar NEWS

गुरुग्राम में ‘नया चेहरा’ बनवा रहा था लश्कर का आतंकी, पहचान बदलने कराया इलाज

शब्बीर अहमद लोन

शब्बीर अहमद लोन

Shabbir Ahmad Lone: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्‍कर ए तैयबा से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है.जांच में पता चला कि वह भारत में छिपकर आतंकी नेटवर्क चलाने के दौरान अपना चेहरा और लुक बदलने की कोशिश कर रहा था.इसी वजह से उसने गुरुग्राम में हेयर ट्रांसप्लांट कराया और दांतों का इलाज भी करवाया था.

सूत्रों के मुताबिक शब्बीर लोन जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले का रहने वाला है और उसे राजा व कश्मीरी जैसे नामों से भी जाना जाता था.जांच एजेंसियों का कहना है कि वह बांग्लादेश से भारत विरोधी गतिविधियां चला रहा था. दिल्ली समेत कई राज्यों में मॉड्यूल तैयार कर रहा था.

पुलिस के अनुसार उसने गुरुग्राम के एक डॉक्टर से संपर्क कर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च कर हेयर ट्रांसप्लांट कराया था.  इतना ही नहीं, उसने अपने दांतों को बेहतर दिखाने के लिए डेंटल ट्रीटमेंट भी लिया.अधिकारियों को शक है कि वह अपनी पहचान छिपाने और सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए ऐसा कर रहा था.

जांच में क्‍या-क्‍या आया सामने?

जांच में यह भी सामने आया कि शब्बीर लोन पहले पाकिस्तान में आतंकी ट्रेनिंग ले चुका था और उसका संपर्क हाफ‍िज सईद से भी रहा है.साल 2005 में उसे दिल्ली में कथित फिदायीन हमले की साजिश के आरोप में पकड़ा गया था.जेल से बाहर आने के बाद वह बांग्लादेश भाग गया और वहां से फिर से आतंकी नेटवर्क खड़ा करने लगा.

कई अन्य पहलुओं की जांच कर रही टीम

हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली और दक्षिण भारत में सक्रिय एक मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ किया था, जो कथित तौर पर भारत विरोधी पोस्टर लगाने और युवाओं को जोड़ने का काम कर रहा था.जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शब्बीर किन-किन लोगों के संपर्क में था और उसने भारत में कितना बड़ा नेटवर्क तैयार किया था. 

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी और अमित शाह को लेकर राहुल गांधी का विवादित बयान, BJP का पलटवार- ये देश का अपमान

Exit mobile version