Shashi Tharoor: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इंडिया में भी दोहरी नागरिकता की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है. इस मांग को उठाते हुए उन्होंने अपने परिवार का उदाहरण दिया है. उन्होंने कहा कि उनके दोनों बेटों को अमेरिकी नागरिकता लेने के लिए भारतीय पासपोर्ट छोड़ना पड़ा. थरूर ने कहा कि उनके बेटों को अपना भारतीय पासपोर्ट बेहद पसंद था. लेकिन, परिस्थितियों के चलते उन्हें इसे छोड़ना पड़ा.
थरूर ने इंडियन एक्सप्रेस में लिखे एक लेख में दोहरी नागरिकता को लेकर अपनी राय रखी है. उन्होंने कहा कि उनके बेटे ईशान थरूर और कनिष्क थरूर दोनों अमेरिका में रहते हैं. विदेश में लंबे समय तक रहने और वहां की नागरिकता लेने की जरूरत के कारण उन्हें अपनी भारतीय नागरिकता छोड़नी पड़ी.
थरूर ने अपने लेख में क्या-क्या लिखा?
थरूर के मुताबिक, उनकी निजी परिस्थितियों ने उन्हें अमेरिकी नागरिक बनने के लिए मजबूर किया. जबकि भारत ने उन्हें एक साथ भारतीय बने रहने का विकल्प नहीं दिया. अगर इस तरह का विकल्प होता तो आज वह भारतीय होते. थरूर ने अपने लेख में कहा कई लोग बेहतर आवाजाही, वीजा संबंधी परेशानियों से बचने और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण दूसरे देश की नागरिकता लेते हैं. इसके बावजूद भारत के प्रति उनका लगाव और जुड़ाव बना रहता है.
OCI कार्ड को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद ने ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि कई लोग इसके नाम से भ्रमित हो जाते हैं. इसे भारतीय नागरिकता समझ लेते हैं, जबकि वास्तव में यह नागरिकता नहीं है. OCI कार्ड धारकों को भारत आने-जाने समेत कई सुविधाएं मिलती हैं. लेकिन, उन्हें भारतीय नागरिकों के समान सभी अधिकार हासिल नहीं होते.
प्रतिभाशाली लोगों को मिलेगा फायदा
थरूर का मानना है कि भारत को बदलते वैश्विक हालात के हिसाब से दोहरी नागरिकता पर अपनी नीति की समीक्षा करनी चाहिए. ऐसा होता है तो बाहर रह रहे लोगों को भारतीय नागरिकता बरकरार रखने का मौका मिलेगा. इसके साथ ही वे भारत के विकास में भी योगदान दे सकेंगे.
ये भी पढ़ें: रिश्ते, सियासत और बनते-बिगड़ते समीकरण… यूपी चुनाव में अखिलेश के लिए इतने जरूरी क्यों आजम खान?
