Vistaar NEWS

‘आधार कार्ड भेज दो… शादी की टिकट बुक करनी है’, सिया की चैट ने खोला नया राज, केतन मर्डर केस में बड़ा खुलासा

पर्सनल चैट लीक

पर्सनल चैट लीक

Pune Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. अब जांच के दौरान सामने आई एक स्नैपचैट चैट ने मामले को नया मोड़ दे दिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिया गोयल ने अपनी एक दोस्त को मैसेज कर उसका आधार कार्ड मांगा था. वजह बताई गई कि उसे शादी में शामिल होने के लिए फ्लाइट टिकट बुक करनी है. लेकिन विडंबना यह रही कि जिस शादी की तैयारियां चल रही थीं, उससे पहले ही मंगेतर केतन अग्रवाल की मौत हो गई.

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह चैट घटनाक्रम की टाइमलाइन समझने में अहम साबित हो सकती है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस समय सिया की वास्तविक योजना क्या थी और आधार कार्ड मांगने के पीछे सिर्फ टिकट बुकिंग का मकसद था या कोई और वजह भी थी.

मामले में सामने आया बड़ा अपडेट

इस बीच मामले में एक और बड़ा अपडेट सामने आया है. अदालत ने सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही दोनों ने पॉलीग्राफ (लाई डिटेक्टर) टेस्ट कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद अदालत ने उनकी सहमति के बिना टेस्ट कराने की अनुमति नहीं दी.

डिजिटल सबूतों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया चैट, स्नैपचैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है. जांच अधिकारियों का कहना है कि केस में तीसरे व्यक्ति की संभावित भूमिका सहित कई पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

फिलहाल पुलिस डिजिटल सबूतों और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. आने वाले दिनों में जांच में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: अयोध्या के बाद अब बद्रीनाथ में भी चंदा चोरी? आरोप लगने के बाद मंदिर समिति ने दिए जांच के आदेश

Exit mobile version