Ram Mandir: अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा आज भले ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राजनीति का अहम हिस्सा माना जाता हो. लेकिन, इसकी राजनीतिक कहानी में कांग्रेस की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण रही है. पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार ने भी राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर राजनीतिक दांव आजमाया था. हालांकि, कांग्रेस की यह कोशिश पार्टी को चुनावी फायदा नहीं दिला सकी और बीजेपी ने धीरे-धीरे इस मुद्दे पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
अब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में इस पूरे घटनाक्रम का जिक्र होने के बाद एक बार फिर यह बहस तेज हो गई है.
सोनिया गांधी ने किताब में क्या बताया?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि राजीव गांधी ने महात्मा गांधी के विचारों वाले ‘रामराज्य’ की कल्पना को आगे बढ़ाने की कोशिश की थी. उनके मुताबिक, राजीव गांधी रामराज्य को नैतिकता, न्याय और अच्छे शासन से जोड़कर देखते थे. लेकिन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और बीजेपी की ओर से चलाए जा रहे प्रचार के सामने कांग्रेस की यह कोशिश कमजोर पड़ गई.
शाहबानो केस के बाद बढ़ी राजीव गांधी की मुश्किल
अयोध्या विवाद में कांग्रेस सरकार की भूमिका समझने के लिए 1985 के शाहबानो मामले को जानना जरूरी है. उस साल सुप्रीम कोर्ट ने तलाकशुदा मुस्लिम महिला शाहबानो को गुजारा भत्ता देने का अधिकार दिया था. इस फैसले का कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं और संगठनों ने विरोध किया. इसके बाद राजीव गांधी सरकार ने 1986 में मुस्लिम महिला (तलाक पर अधिकारों का संरक्षण) कानून बनाया. इससे सुप्रीम कोर्ट के फैसले का असर काफी हद तक खत्म हो गया.
सरकार के इस कदम की आलोचना हुई. कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण के आरोप लगने लगे और हिंदू मतदाताओं के बीच भी नाराजगी बढ़ने की बात कही गई. ऐसे में राजीव गांधी के सामने अपनी राजनीतिक छवि सुधारने की चुनौती खड़ी हो गई.
1989 में रामराज्य के सहारे चुनावी मैदान में उतरी कांग्रेस
अयोध्या में ताला खुलने के बाद राम मंदिर आंदोलन ने तेजी पकड़ ली. VHP ने देशभर में मंदिर निर्माण के लिए ईंटें और चंदा जुटाना शुरू कर दिया. 1989 में राम मंदिर के शिलान्यास की तैयारी भी की गई.
सोनिया गांधी के मुताबिक, कांग्रेस सरकार ने इस कार्यक्रम को विवादित स्थल से बाहर कराने के लिए बातचीत की थी. तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी और केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह के सामने यह भरोसा दिया गया था कि शिलान्यास विवादित हिस्से से सटी जमीन पर होगा. हालांकि, सोनिया का दावा है कि बाद में इस सहमति का पूरी तरह पालन नहीं किया गया.
इसी साल लोकसभा चुनाव के दौरान राजीव गांधी ने फैजाबाद से कांग्रेस का चुनाव प्रचार शुरू किया था. वरिष्ठ पत्रकार मार्क टली के मुताबिक, इस दौरान राजीव गांधी ने रामराज्य की बात कही थी. कांग्रेस की कोशिश थी कि वह बीजेपी के राम मंदिर आंदोलन के मुकाबले रामराज्य की अपनी अवधारणा पेश कर सके.
लेकिन इसका चुनावी फायदा कांग्रेस को नहीं मिला. 1984 के लोकसभा चुनाव में 404 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 1989 में घटकर 197 सीटों पर आ गई. पार्टी सबसे बड़ी पार्टी तो बनी, लेकिन बहुमत से दूर रह गई.
राम मंदिर की राजनीति में BJP ने कैसे बनाई बढ़त?
कांग्रेस ने अयोध्या के मुद्दे पर हिंदू भावनाओं को साधने की कोशिश की. लेकिन, बीजेपी और संघ परिवार ने इसे लगातार बड़े जनआंदोलन का रूप दिया. बीजेपी ने राम मंदिर को अपनी राजनीति का प्रमुख मुद्दा बनाया. धीरे-धीरे इस मुद्दे पर उसका प्रभाव बढ़ता गया.
नवंबर 2023 में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भी कहा था कि बाबरी मस्जिद का ताला राजीव गांधी ने खुलवाया था. उन्होंने बीजेपी पर राम मंदिर के नाम पर पूरा श्रेय लेने का आरोप लगाया था.
ये भी पढ़ें: बेटों को छोड़ना पड़ा इंडियन पासपोर्ट… दोहरी नागरिकता की मांग को लेकर शशि थरूर ने छेड़ी नई बहस
