Vistaar NEWS

स्पाइसजेट की नहीं सुधर रही हालत, मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम से नहीं उड़ी कोई फ्लाइट, यात्री फंसे

SpiceJet

स्पाइसजेट

SpiceJet Crisis: स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. आर्थिक संकट से जूझ रही कंपनी की उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम 7 बजे के बाद से स्पाइसजेट की कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाई है. इसके चलते बड़ी संख्या में यात्री बुधवार को भी मुंबई एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं.

स्पाइसजेट की सेवाओं से गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर नारेबाजी भी की है. स्पाइसजेट और एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से यात्रियों को कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा था, यही वजह है कि यात्रियों की नाराजगी और भी ज्यादा बढ़ गई.

यात्रियों का आरोप है कि उन्हें देरी के कारणों या उड़ान के नए समय के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे वे यह तय नहीं कर पा रहे थे कि वे अपनी यात्रा कब शुरू कर सकेंगे. मंगलवार देर रात तक यात्री अभी भी इस बात का इंतजार कर रहे थे कि प्रभावित उड़ानों को लेकर उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी मिले. इससे पहले सोमवार को भी मुंबई में स्पाइसजेट के यात्रियों को ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ा था.

यात्रियों को करना पड़ रहा इंतजार

स्पाइसजेट की उड़ानों में हो रही देरी के कारण यात्रियों के पास केवल एक ही विकल्प बचा हुआ है. वह है एयरपोर्ट पर इंतजार करने का. मंगलवार शाम से ही यात्री एयरपोर्ट पर मौजूद हैं. इसके बाद भी एयरपोर्ट प्रशासन की तरफ से अब तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है.

पिछले दिनों पैसा न चुकाने के कारण दुबई एयरपोर्ट ने भी स्पाइसजेट की चेक इन प्रोसेस पर रोक लगा दी थी. उस समय भी यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था. पिछले कई महीनों से स्पाइसजेट आर्थिक संकट के साथ साथ विमानों की कमी से जूझ रही है. 

Exit mobile version