SurajKund Mela: हरियाणा के फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को एक झूला टूट गया था, जिसमें लोगों को बचाने के दौरान एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई है और 12 लोग घायल हुए थे. पुलिस ने इस मामले में गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर बड़ी कार्रवाई करते हुए झूला मालिक समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) की निगरानी में की जा रही है.
आज रविवार को शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. शहीद के परिजनों से पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मुलाकात कर शोक जताया है. पुलिस के मुताबिक, मेला परिसर में झूला लगाने वाली कंपनी हिमाचल केयर फन केयर के मालिक मोहम्मद शाकिर वासी गांव टोका नंगला जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश और उसके साथ एक अन्य आरोपी नितेश वासी धर्मपुरी सदर मेरठ कैंट उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके साथ ही मामले की जांच उच्च स्तरीय करने का आदेश दिया गया है.
शहीद के परिवार को दी जाएगी नौकरी
डीजीपी ने कहा, ”इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने हादसे के दौरान घायलों को बचाने के लिए बहादुरी के साथ प्रयास करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए. पुलिस को शहीद इंस्पेक्टर पर गर्व भी है और दुख भी है, कि हमने अपना एक साथ खो दिया. शहीद के परिवार को पुलिस विभाग की ओर से परिवार को अनुकंपा नौकरी और यथासंभव आर्थिक मदद की जाएगी.”
ये भी पढ़ेंः ‘RSS प्रमुख के पद के लिए ब्राह्मण नहीं, हिंदू होना जरूरी…’, मोहन भागवत का बड़ा बयान
12 लोग हुए घायल
झूला टूटने की वजह से कई लोग घायल हुए थे, जिनकी पहचान महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम फरीदाबाद पुलिस, हर्ष प्रकाश निवासी मकान नंबर F 4176 कैसिया स्टेट पाकेट ए ग्रेटर नोएडा, महिला सिपाही शर्मिला, पुलिस लाइन फरीदाबाद, प्रशांत निवासी गांव डूबे थाना सेफ जिला छैलपुर राजस्थान हाल आइआइटी दिल्ली, राजेश थाना एसजीएम नगर, अमीषा निवासी सूर्य विहार पार्ट 2 सेक्टर 91 फरीदाबाद, सुनील निवासी अकेड़ा थाना महेंद्रगढ़ , परविंदर निवासी पहलादपुर नई दिल्ली, शिवानी निवासी हाउस नंबर 207 बिरौना टावर नोएडा 78 , बलबीर वास सुल्तानपुर, अनुज वासी शेरपुर कासगंज उत्तर प्रदेश और पूजा वासी बहादुरपुर फरीदाबाद के रूप में हुई है. इसके अलावा 5 लोगों का इलाज कर छुट्टी दे दी गई है.
