Swatantra Bhardwaj: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान मारपीट के मामले में गिरफ्तार स्वतंत्र भारद्वाज जेल से बाहर आ गया है. दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत मिलने के दो दिन बाद गुरुवार रात उनकी रिहाई हुई. हालांकि, जेल से बाहर निकलने के दौरान उसका सामना मीडिया से हुआ, लेकिन उसने पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया. वह तेजी से कार में बैठकर वहां से निकल गया.
स्वतंत्र को तिहाड़ के गेट नंबर-3 से बाहर लाया गया. उसके बाहर आने की जानकारी मिलने के बाद मीडिया का जमावड़ा पहले से मौजूद था. जैसे ही वह बाहर निकला, सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों ने उन्हें घेर लिया. इसके बाद स्वतंत्र को तुरंत एक वाहन में बैठाकर वहां से रवाना कर दिया गया.
कब मिली थी स्वतंत्र भारद्वाज को जमानत
दरअसल, पटियाला हाउस कोर्ट ने 15 सितंबर को स्वतंत्र भारद्वाज को तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत दी थी. यह राहत 50 हजार रुपये के जमानत बॉन्ड और इतनी ही राशि की जमानत पर दी गई है. अदालत ने अंतरिम जमानत के साथ कई शर्तें भी रखी हैं. इनमें मामले से जुड़े पीड़ित या गवाहों से संपर्क नहीं करना शामिल है. इसके अलावा केस से संबंधित किसी भी तरह की बात सोशल मीडिया पर नहीं करने की शर्त रखी गई है.
रिहाई से पहले आया था एक वीडियो
स्वतंत्र की रिहाई से पहले सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो भी चर्चा में आया था. वीडियो को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए. कुछ लोगों ने इसे जमानत की शर्तों से जोड़ते हुए सवाल उठाए, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से वीडियो को पुराना बताया गया है. विस्तार न्यूज भी इस तरह के वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
किस मामले में स्वतंत्र हुआ था गिरफ्तार?
स्वतंत्र भारद्वाज को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था. उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. फिलहाल अदालत की अंतरिम जमानत के बाद वह तीन सप्ताह के लिए जेल से बाहर है.
ये भी पढ़ें: हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग! किसने ली गोलीबारी की जिम्मेदारी?
