ACB Finds Rs 7 Crore Villa: सरकारी नौकरी में अच्छी सैलरी के साथ सुविधाएं भी मिलती हैं, लेकिन क्या एक इंजीनियर की कमाई से करोड़ों की संपत्ति जुटाई जा सकती है. तेलंगाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की छापेमारी में एक सरकारी इंजीनियर के पास इतनी संपत्ति मिलने का खुलासा हुई है. जांच में 7 करोड़ रुपये की विला, 25 एकड़ कृषि जमीन, करीब 50 तोला सोना और कई फ्लैट व प्लॉट सामने आए हैं. अब एजेंसी इन संपत्तियों की कमाई का स्रोत पता लगाने में जुटी है.
10 ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी
यह मामला तेलंगाना के सिंचाई विभाग में तैनात डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राघिरी सत्यनारायण से जुड़ा है. ACB ने आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में उनके 10 ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली. इनमें उनका पैतृक गांव शापुर, वानापर्थी, हैदराबाद और परिवार व रिश्तेदारों से जुड़े स्थान शामिल हैं. तलाशी के समय जमीन, मकान और दूसरे निवेश से जुड़े डॉक्यूमेंट्स मिले हैं.
7 करोड़ का विला और 25 एकड़ जमीन
जांच में हैदराबाद के कुकटपल्ली में एक विला का पता चला है, जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा वानापर्थी में 25 एकड़ कृषि जमीन और एक फार्महाउस भी मिला है. इंजीनियर की पत्नी के नाम पर 9 खुले प्लॉट होने की जानकारी सामने आया है. वहीं हैदराबाद के करमनघाट में 3-BHK और नागोले के रॉकटाउन में 2-BHK फ्लैट भी जांच में है.
50 तोला सोना और लाखों का निवेश
ACB को तलाशी के दौरान लगभग 50 तोला सोना, 3 से 4 चार पहिया वाहन और एक टू वाहन होने की जानकारी मिली है. इसके अलावा म्यूचुअल फंड में लगभग 20 लाख रुपये का इनवेस्टमेंट भी सामने आया है. बीमा पॉलिसियों की जानकारी जुटाई जा रही है. हालांकि, तलाशी में कोई बैंक लॉकर नहीं मिला.
2005 में शुरू की थी सरकारी नौकरी
राघिरी सत्यनारायण ने साल 2005 में असिस्टेंट इंजीनियर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी. फिलहाल वह डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हैं. उकी पत्नी भी बिजली विभाग के ट्रांसको में असिस्टेंट इंजीनियर बताई गई हैं. अब ACB दोनों की नौकरी से हुई कमाई, निवेश और परिवार के नाम पर मौजूद संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है. जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि परिवार की आमदनी के मुकाबले इतनी संपत्ति कैसे जमा हुई.
