Lawrence Bishnoi Gang: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ के ऊपर मुंबई में जानलेवा हमला हो गया. जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली और कहा कि सलमान खान के साथ काम करने की वजह से टाइगर को निशाना बनाया गया. हालांकि, इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए. हमले में शामिल सभी आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में हैं.
पुलिस अब इस हमले से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. ताकि हमले की सही वजह का पता लग सके. 3 आरोपी राजस्थान के कोटा से पकड़े गए हैं, तो वहीं 1 आरोपी महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर से दबोचा गया है. पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे.
टारगेट में हमेशा बड़े सेलेब्स
ऐसा नहीं है कि लॉरेंस गैंग ने पहली बार किसी बड़ी सेलेब्रिटी पर हमला किया है. इससे पहले भी पिछले कुछ सालों के अंदर लॉरेंस गैंग के टारगेट में कई लोग रहे हैं. जिसमें सलमान खान से लेकर कपिल शर्मा तक शामिल हैं. यहां जानें पिछले कुछ सालों में कौन-कौन टारगेट में रहे?
इन हस्तियों के घर पर गोलीबारी
बता दें, लॉरेंस गैंग न सिर्फ भारत में बल्कि दुनियाभर के कई देशों में एक्टिव है. पुलिस के मुताबिक, गैंग को विदेश में बैठे गैंगस्टर चलाते हैं. जिनके कहने पर गोलियां चलाई जाती हैं. एक्टर टाइगर श्रॉफ से पहले जून महीने में गायक गुरु रंधावा से जुड़े जिम के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं गईं थी.
कई सेलेब्स के घर फायरिंग
इससे पहले फरवरी में फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर, अक्टूबर 2025 में पंजाबी सिंगर तेजी काहलों और चानी नट्टन के कनाडा स्थित घर पर, कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्तरां ‘कैप्स कैफे’ पर फायरिंग और एक्ट्रेस दिशा पटानी के बरेली स्थित घर पर 8-10 राउंड गोलियां चलाई गईं.
ये भी पढ़ेंः 35000 में कर दी गोलीबारी, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के आरोपियों ने उगले राज, विदेश जाने का ऑफर भी मिला
बाबा सिद्दीकी की हत्या का आरोप
इस गैंग ने अक्टूबर 2024 में कांग्रेस नेता और बॉलीवुड हस्तियों के करीबी बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी थी. बाबा सिद्दीकी पर भी सलमान का करीबी होने का आरोप लगाया था. इसके पहले कनाडा में पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के घर पर फायरिंग, एक्टर सलमान खान के ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर फायरिंग और नवंबर 2023 में एक्टर-सिंगर गिप्पी ग्रेवाल के कनाडा स्थित घर पर फायरिंग की गई. यानी कि यह गैंग भारत से ज्यादा कनाडा में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया.
