Uttar Pradesh politics: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कई तरह के सियासी घटनाक्रम देखने को मिल रहे हैं. इन सब के बीच मंगलवार को अचानक सीएम योगी आदित्यनाथ का आगरा दौरा रद्द हो गया. इस फैसले के पीछे की वजह उनका दिल्ली दौरान माना जा रहा है. वह अब आगरा के बजाय सीधे दिल्ली पहुंच रहे हैं. यहां उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात होनी है. अचानक बदले इस कार्यक्रम के मायने चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखे जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले दो दिनों से मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में आयोजित भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हैं. इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता हिस्सा ले रहे हैं.मंगलवार को बैठक का आखिरी दिन है. पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक, बैठक समाप्त होने के बाद योगी आदित्यनाथ को आगरा जाना था, लेकिन अब उनका कार्यक्रम बदल दिया गया है.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से होगी मुलाकात
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे का सबसे अहम पहलू अमित शाह के साथ होने वाली मुलाकात है. बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ मथुरा में दो दिनों तक चले राजनीतिक मंथन का पूरा ब्योरा केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे. इसमें संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और आगामी चुनावी रणनीति से जुड़े मुद्दे शामिल हो सकते हैं.
कुल मिलाकर इस मुलाकात में सीएम अपना रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकते हैं. ऐसा भी कहा जा रहा है कि वह नाराज नेताओं और कमजोर विधानसभा सीट की जानकारी भी सीएम को देंगे.
2027 के चुनाव पर भाजपा का फोकस
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में भाजपा अभी से संगठन और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है. मथुरा की बैठक में बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति, कमजोर सीटों पर रणनीति और सामाजिक समीकरणों को लेकर चर्चा हुई है. मुख्यमंत्री का बैठक के तुरंत बाद दिल्ली जाना इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
