Vistaar NEWS

अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर बढ़ा सियासी घमासान, महुआ मोइत्रा ने तस्वीरें दिखाकर BJP पर साधा निशाना

West bengal

टीएमसी नेता ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

West Bengal: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव एक बार फिर तेज हो गया है. तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद अब पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा खुलकर मैदान में उतर आई हैं. उन्होंने कुछ तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए दावा किया कि यह घटना कोई सामान्य विरोध प्रदर्शन नहीं थी, बल्कि इसके पीछे राजनीतिक साजिश थी.

महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अभिषेक बनर्जी के काफिले और कार्यक्रम के दौरान हंगामा किया, उनका संबंध बीजेपी से है.

उन्होंने तस्वीरों के जरिए यह साबित करने की कोशिश की कि घटना में शामिल कुछ चेहरे भाजपा कार्यकर्ताओं से जुड़े हुए हैं. महुआ ने कहा कि जिस तरह से पूरी घटना को अंजाम दिया गया, उससे साफ संकेत मिलता है कि पहले से तैयारी की गई थी.

अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को हुआ था हमला

दरअसल, हाल ही में अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल के सोनारपुर क्षेत्र में पोस्ट-पोल हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे. इसी दौरान उनके कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी हंगामा हुआ. आरोप है कि भीड़ ने उन पर अंडे, पत्थर फेंके थे. अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि हमले में उन्हें चोट भी लगी और उनकी आंख के पास गंभीर असर पड़ा है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है.

बीजेपी ने इस मामले पर क्या कहा?

दूसरी ओर बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस जनता के गुस्से को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है. बीजेपी का दावा है कि लोगों में राज्य की मौजूदा परिस्थितियों को लेकर नाराजगी है और उसी का असर इस तरह की घटनाओं में दिखाई दे रहा है.  

अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या सामने आता है और तस्वीरों को लेकर किए गए दावों की सच्चाई क्या निकलती है.

ये भी पढ़ें: ‘अहंकार का नतीजा है, जो लोगों ने मारा…’, अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर बोलीं अग्निमित्रा पॉल

Exit mobile version