शादी से इनकार किया तो ऐसा इंतकाम! युवती के घर भेज दी 500 कैब, AI से फर्जी हनीमून की तस्वीरें बनाकर वायरल की
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: शादी से इनकार किया जाना एक युवक को इतना नागवार गुजरा कि उसने युवती के घर एक साथ 500 कैब बुक करके भेज दी. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से फर्जी हनीमून की तस्वीर बना डाली और फिर वायरल करके युवती को परेशान करने लगा. ब्लॉक करने के बाद भी अलग-अलग नंबरों से युवती कॉल कर रहा था. भोपाल की रहने वाली युवती को उदयपुर का युवक कॉल और सोशल मीडिया के जरिए लगातार परेशान कर रहा था, जिसके बाद युवती ने महिला आयोगी से शिकायत की है.
भोपाल की युवती की उदयपुर के युवक से तय हुई थी शादी
भोपाल की रहने वाली एक युवती की मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम के जरिए उदयपुर के युवक से मई 2025 में जान पहचान हुई थी. दोनों में बातचीत के बाद जून में ही दोनों परिवारों ने मुलाकात की और दोनों के बीच शादी तय हो गई. लेकिन इस दौरान युवती के घरवालों का युवक का व्यवहार संदिग्ध लगा, जिसके बाद युवती के परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया. लेकिन युवक लगातार युवती को कॉल करके और सोशल मीडिया पर के जरिए परेशान कर रहा था. जिसके बाद युवती ने युवक को सभी जगह से ब्लॉक कर दिया.
AI से फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाई
युवक लगातार युवती पर निगरानी कर रहा था कि कहीं युवती किसी दूसरे युवक से तो बात नहीं कर रही है. इसके लिए वो अलग-अलग नंबरों से कॉल करके युवती को परेशान करता था. एआई के जरिए फर्जी फोटो बनाकर युवती की सोशल मीडिया पर आईडी भी बना दी. इतना ही नहीं गोदभराई और हनीमून की फर्जी फोटो बनाकर वायरल कर दी. हद तो तब हो गई जब जनवरी 2026 में युवती के पते पर एक दिन में 500 कैब बुक करके भेज दी.
लगातार कई महीनों से प्रताड़ित होने के बाद युवती ने आखिरकार तंग आकर राज्य महिला आयोग में शिकायत की है. एक्सपर्ट्स की मानें तो ये बेहद गंभीर मामला है, किसी के मोबाइल नंबर और घर की जानकारी लेकर इस तरह से ऑनलाइन कैब की बुकिंग करना और एआई के जरिए फोटो बनाकर बदनाम करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
ये भी पढे़ं: अशोकनगर में कार के अंदर युवक-युवती का शव मिला, लड़के के चेहरे पर जलने और गोली के निशान; लड़की का गला कटा मिला