Vistaar NEWS

अमित शाह के भोपाल दौरे से पहले बढ़ा पॉलिटिकल टेम्परेचर, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला हाउस अरेस्ट

Congress Leader Manoj Shukla

कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला हाउस अरेस्ट

मध्य प्रदेश राजधानी में भोपाल में 3 अक्टूबर को गृहमंत्री अमित शाह करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की शुरूआत करने पहुंच रहे है. लेकिन उनके भोपाल पहुंचने से पहले ही प्रदेश में राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ नजर आ रहा है. गृहमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले यानी 2 अक्टूबर को पुलिस प्रशासन द्वारा कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को उनके कार्यालय पर नज़रबंद कर दिया गया है.

राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज

इस प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर राजधानी के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के हवाले से पुलिस बल ने शाम मनोज शुक्ला के कार्यालय पर पहुँचकर उनकी आवाजाही पर रोक लगा दी.

लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन-मनोज शुक्ला

दूसरी तरफ इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मनोज शुक्ला ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया. उन्होंने कहा है कि विपक्ष का काम जनता के मुद्दों, वादों और समस्याओं को सामने रखना है. सरकार विरोध और सवालों से घबराकर प्रशासनिक तंत्र का उपयोग कर रही है. विपक्ष के नेता को बिना किसी वैधानिक आधार के घरों में क़ैद करना पूरी तरह से अलोकतांत्रिक कदम है.

पुलिस प्रशासन का तनाशाही कदम-कांग्रेस कार्यकर्ता

मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिस प्रशासन के इस कदम को तानाशाही करार दिया. उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के संवैधानिक अधिकार को दबाया जा रहा है. दूसरी ओर, स्थानीय प्रशासन व पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीआईपी दौरे की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह एहतियातन कदम उठाया गया है.

Exit mobile version