Bhopal: भोपाल में मेट्रो की रफ्तार बढ़ाने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है. इसके तहत राजधानी भोपाल के सुभाषनगर से एम्स के बीच दौड़ रही मेट्रो अगले 2 दिन यानी, बुधवार और गुरुवार को बंद रहेगी. इन दो दिनों के दौरान कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) सिग्नलिंग सिस्टम की जांच करेगी और इसके बाद अगर सब कुछ सही रहा तो ‘ओके’ रिपोर्ट जारी करेगी. इस दौरान आम लोगों के लिए मेट्रो को बंद रखने का फैसला लिया गया है.
एक ही ट्रैक पर चल रही है ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, भोपाल और इंदौर में अभी सिग्नलिंग सिस्टम नहीं है. इस वजह से मेट्रो प्रबंधन को केवल एक ही ट्रैक (डाउन ट्रैक) पर ट्रेन चलानी पड़ रही हैं. इसी वजह से भोपाल में ट्रेनों की फ्रिक्वेंसी 75 मिनट रखी गई है, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है. वर्तमान में सुभाष नगर से एम्स के बीच डाउन ट्रैक पर ही ट्रेन दोनों दिशाओं में चलाई जा रही हैंय
यानी जो जा रही है, वह उसी ट्रैक पर लौट रही है.
नए सिस्टम के बाद दोनों ट्रैक पर दौड़ेगी मेट्रो
जबकि अप ट्रैक (एम्स से सुभाष नगर) पर ट्रेन नहीं दौड़ती. नए सिस्टम के बाद दोनों तरफ से ट्रेन चलेगी. जांच के बाद टीम ‘OK’ रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद सिग्नलिंग सिस्टम चालू कर दिए जाएंगे. इससे मेट्रो का नया शेड्यूल और समय तय होगा. जानकारी के मुताबिक सिग्नल चालू होने के बाद जुलाई में नया शेड्यूल जारी हो सकता है.
सुभाष नगर-एम्स कॉरिडोर पर एक आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाया गया है. यह कॉरिडोर लगभग ₹800 करोड़ की लागत वाले 30 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट के पहले चरण का हिस्सा है. इस सिस्टम के चालू होने के बाद मेट्रो का संचालन तेज, सुरक्षित और ज्यादा सुव्यवस्थित हो जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवा मिलेगी.
ये भी पढे़ं: MP News: बीजेपी की 106 सदस्यीय कार्यसमिति घोषित, 41 आमंत्रित सदस्य शामिल
