Vistaar NEWS

एमपी में बिजली फिर हुई महंगी, 2 करोड़ से ज्यादा परिवारों का बजट बिगड़ेगा, FCPPA सरचार्ज 2.66 परसेंट बढ़ा

MP Electricity Bill Hike

बिजली फिर हुई महंगी

Madhya Pradesh Electricity Price Hike: मध्य प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है. ईंधन की बढ़ती कीमतों और पावर परचेज के खर्च का हवाला देते हुए बिजली कंपनियों ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल दिया है. फ्यूल कॉस्ट एंड पावर परचेज एग्रीमेंट (FCPPA) सरचार्ज बढ़ाकर बिजली बिलों में बढ़ोतरी कर दी है. इसका असर प्रदेश के करीब 2 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं पर पड़ने वाला है.

बिजली प्रोडक्शन में कमी

मामला यहीं खत्म नहीं होता कम बारिश होने के कारण बिजली प्रोडक्शन में भी कमी आई है. बता दें कि बारिश कम होने की वजह से (Hydel) प्रोजेक्ट्स में बिजली उत्पादन घट गया है. इसके कारण इलेक्ट्रिसिटी सर्विस पर प्रेशर बढ़ा है. यहीं वजह है कि मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाको में रात के समय कई घंटे की बिजली कटौती हो रही है.इतना ही नहीं राजधानी के आस-पास बसे गांवों में भी रात में बिजली कटने की शिकायतें सामने आ रही है.

जेब पर कितना पड़ेगा असर?

बता दें कि बिजली कंपनियों ने एफसीपीपीए सरचार्ज को 1.11% से बढ़ाकर 3.77% कर दिया है. यानी अब उपभोक्ताओं के बिजली बिल में पहले की तुलना में 2.66% एक्सट्रा सरचार्ज जुड़कर आएगा. जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत 200 से 300 यूनिट तक है. उनके अगस्त महीने के बिल में करीब 35 से 87 रुपये तक एक्सट्रा पैसे जुड़ सकते हैं. बिजली कंपनियों का कहना है कि बढ़ती मांग और कम उत्पादन के बीच आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कई लेवल पर काम किया जा रहा है.

पावर मैनेजमेंट कंपनी का बयान

एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जुलाई 2026 के लिए फ्यूल और पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज 3.77 प्रतिशत निर्धारित किया गया है. यह निर्णय बिजली आपूर्ति और व्हीलिंग के टैरिफ से जुड़े रेगुलेशन-2021 तथा उसके संशोधित प्रावधानों के तहत लिया गया है. चीफ जनरल मैनेजर के निर्देशानुसार 24 जुलाई 2026 से यह सरचार्ज उपभोक्ताओं के एनर्जी चार्ज पर वसूला जाएगा.

ये भी पढे़ं- दतिया उपचुनाव: 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का सख्त पहरा, 30 जुलाई को होगी वोटिंग, 2 लाख से ज्यादा लोग डालेंगे वोट

Exit mobile version