Bhopal: भोपाल में उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थी द्वितीय काउंसलिंग और पदवृद्धि की मांग को लेकर आज से 26 अगस्त तक तीन दिवसीय धरना दे रहे हैं. वेटिंग शिक्षक संघ, वर्ग-1 भर्ती 2023 की ओर से अंबेडकर पार्क, टीटी नगर और नीलम पार्क में यह प्रदर्शन किया जा रहा है. ब्यावरा के नरेंद्र राजपूत 42 घंटे से पानी तक छोड़े आमरण अनशन पर बैठे हैं. उनका कहना है कि मांग पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे.
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू हुए करीब तीन साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक द्वितीय काउंसलिंग नहीं हो सकी है. अभ्यर्थियों के मुताबिक उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पूरे किए, परीक्षा दी, परिणाम का इंतजार किया और चयन प्रक्रिया के बाद भी नियुक्ति की राह देख रहे हैं.
शासन-प्रशासन के स्तर पर कई सौंपा बार ज्ञापन
इस दौरान शासन-प्रशासन के स्तर पर कई बार ज्ञापन और प्रदर्शन किए गए तथा आश्वासन भी मिले, लेकिन पदवृद्धि के साथ द्वितीय काउंसलिंग का रास्ता अब तक साफ नहीं हुआ.
टीचरों की प्रमुख मांगे….
वर्ग-3 में पदवृद्धि: प्राथमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-3 में कुल पदों की संख्या बढ़ाकर 25,000 किए जाने की मांग.
वर्ग-2 में पदवृद्धि: माध्यमिक शिक्षक वर्ग-2 में भी कम से कम 3,000 पद बढ़ाने की मांग.
रोजगार के अवसर: लंबे समय से टेट और मेंस परीक्षा पास कर चुके योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने और रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी करने की मांग
21 अगस्त से आमरण अनशन पर नरेंद्र राजपूत
शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे नरेंद्र राजपूत के मुताबिक, उन्होंने 21 अगस्त रात 12 बजे से खाना ही नहीं, बल्कि पानी तक छोड़ रखा है. नरेंद्र ने कहा ‘वह अकेले के लिए नहीं, बल्कि उन तमाम अभ्यर्थियों के लिए बैठे हैं, जो वर्षों से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हैं. उनका कहना है कि आंदोलन को उग्र नहीं करना चाहते, क्योंकि वे शिक्षक बनने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं.’
