MP Farmers Protest: भोपाल में जारी किसान आंदोलन का असर अब बच्चों की पढ़ाई पर दिख रहा है. राजधानी में किसान आंदोलन के चलते आज यानी 29 जुलाई 2026 को कई निजी स्कूलों ने छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया है. प्रशासन की तरफ शहर में यातायात प्रभावित होने की आशंका के देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. सुबह करीब 5 बजे सभी अभिभावकों को संदेश भेजकर ये सूचना दी गई कि आज छात्रों के लिए स्कूल बंद रहेंगे.
कलेक्ट ने जारी किया आदेश
गौरतलब है कि नर्मदापुरम रोड, कटारा हिल्स, एमपी नगर सहित कई क्षेत्रों के स्कूलों ने आज की छुट्टी का ऐलान किया है. स्कूलों द्वारा सुबह 5 बजे से अभिभावकों को मैसेज के जरिए सूचना दी जा रही है. हालांकि कुछ अभिभावक सूचना मिलने से पहले ही बच्चों को लेकर स्कूल पहुंच गए और जब स्कूल बंद मिला तो उन्हें वापस लौटना पड़ा. स्कूल बंद रखने का आदेश कलेक्टर सुमित पाण्डेय ने जारी करते हुए बताया कि शहर में यातायात प्रभावित होने आशंका के चलते ये निर्णय लिया गया है.
CM आवास का घेराव का बनाया था प्लान
बता दें कि किसानों का अपनी मांगों को लेकर भोपाल में धरना प्रदर्शन जारी है. बीते रोज मंगलवार को किसानों ने मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीद और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास के घेराव का प्लान बनाया था. लेकिन पुलिस ने करीब 2 से 3 हजार किसानों को आरआरएल तिराहा के पास रोक दिया. यहीं वजह है कि नर्मदापुरम रोड सहित राजधानी के कई इलाकों ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आ रही है.
पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की
प्रशासन को आंदोलन की पूर्व जानकारी होने के बावजूद ग्यारह मील, मिसरोद और बाग सेवनिया में लगाए गए बैरिकेड किसानों को रोक नहीं सके. प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाते हुए आरआरएल तिराहा तक पहुंच गए. इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की खबरें भी सामने आई, हालांकि अभी तक पुलिस की तरफ से बल का उपयोग नहीं किया गया है.
ये भी पढे़ं- दतिया उपचुनाव: 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का सख्त पहरा, 30 जुलाई को होगी वोटिंग, 2 लाख से ज्यादा लोग डालेंगे वोट
