Bhopal: भारतीय जनता पार्टी की नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती ने सोमवार (14 सितंबर) को सीएम मोहन यादव से मुलाकात की. पूर्व सीएम उमा भारती के सराकरी आवास पर दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट बात हुई. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उम्र पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल खुद बूढ़े हो गए हैं, इतनी उम्र में तो नाती-पोते हो जाते हैं.
इस उम्र में तो नाती-पोते हो जाते हैं- उमा भारती
सीएम मोहन यादव से मुलाकात करने पहुंची उमा भारती ने इस मीटिंग के बाद राहुल, गांधी, उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर मामले और सागर शराब कांड समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित ‘गूंज’ कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा- ‘राहुल तो खुद ही बूढ़े हो गए हैं, डोकरा हो गए. इस उम्र में तो नाती-पोते हो जाते हैं, वे काहे के जवान.’
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले नितिन नवीन का एमपी दौरा
वहीं कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से ठीक पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को इंदौर आएंगे. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के 17 सितंबर को इंदौर, मंदसौर और उज्जैन में तीन प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का मप्र का यह पहला दौरा होगा.
सागर शराब कांड पर बोली उमा भारती
उमा भारती ने सागर शराब कांड पर भी खुलकर अपनी बात रखी, उन्होंने कहा कि अवैध शराब को रोकना सिर्फ पुलिस-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, पंच-सरपंच से लेकर विधायक-सांसद तक जवाबदेह हैं. उन्होंने आगे कहा कि शराब जहरीली न हो तब भी जहरीली होती है. उमा भारती ने पूर्ण शराब बंदी की बात भी दोहराई हैं.
इसी मामले में एसपी पर लग रहे आरोपों को लेकर उमा भारती ने स्पष्ट कहा कि, मुरैना-सागर मौतों में SP की जिम्मेदारी तय करने से पहले जनप्रतिनिधियों की भूमिका देखने की बात कही। कहा- यदि सूचना देने के बाद भी SP ने कार्रवाई नहीं की, तभी SP पर कार्रवाई हो.
