Vistaar NEWS

Datiya By-Poll: ‘मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को टिकट मिला, आश्चर्यचकित हूं’, आशुतोष तिवारी बोले- पूरी निष्ठा से पालन करूंगा

BJP candidate Ashutosh Tiwari in the Datia by-election.

दतिया उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी.

MP News: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. नाम की घोषणा के बाद उन्होंने सबसे पहले विस्तार न्यूज संवाददाता विवेक पाण्डेय से विशेष बातचीत की. उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताया है और वह पूरी निष्ठा एवं मेहनत के साथ चुनाव लड़ेंगे. प्रत्याशी घोषित होने के बाद आशुतोष तिवारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता अजय जमवाल से मुलाकात करने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया.

विस्तार न्यूज से बातचीत के प्रमुख अंश

सवाल : प्रत्याशी घोषित होने के बाद आपका पहला रिएक्शन क्या है?

आशुतोष तिवारी: पार्टी ने मुझ पर बड़ी जिम्मेदारी के साथ भरोसा जताया है। संगठन का मैं हृदय से धन्यवाद करता हूं. दतिया में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और जनता की सेवा के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरूंगा. पूरी मेहनत से चुनाव लड़ेंगे और जीत दर्ज करेंगे.

सवाल : क्या पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी आपके साथ रहेंगे?

आशुतोष तिवारी : बिल्कुल. नरोत्तम जी हमारे परिवार के अभिभावक हैं. उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा हमारे साथ रहेगा.

सवाल : क्या आपके नाम की घोषणा ने आपको भी चौंकाया?

आशुतोष तिवारी : मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी ने टिकट दिया है, इसलिए मैं भी आश्चर्यचकित हूं. लेकिन पार्टी नेतृत्व का जो आदेश है, उसका पूरी निष्ठा से पालन करूंगा.

सवाल : आपने नामांकन फॉर्म खरीदा था? उत्तम मिश्रा ने भी फॉर्म लिया था, फिर उन्हें टिकट क्यों नहीं मिला?

आशुतोष तिवारी : यह पूरी तरह संगठन का निर्णय है. इस विषय पर संगठन ही बेहतर बता सकता है. मैंने अभी नामांकन पत्र नहीं खरीदा है. अब पार्टी का आदेश मिला है, उसके अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करूंगा.

सवाल : कांग्रेस के साथ मुकाबले को कितना चुनौतीपूर्ण मानते हैं?

आशुतोष तिवारी : केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार है और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास कार्य हो रहे हैं. हम जनता के बीच विकास और सेवा के मुद्दे लेकर जाएंगे. हमें पूरा विश्वास है कि जनता भाजपा का साथ देगी.

सवाल : आपको टिकट मिलने की जानकारी कब मिली?

आशुतोष तिवारी : आधिकारिक सूची जारी होने के बाद ही मुझे इसकी जानकारी मिली.

सवाल : दतिया में तीसरे मोर्चे की सक्रियता को कैसे देखते हैं?

आशुतोष तिवारी : तीसरे मोर्चे का कोई विशेष महत्व नहीं है. दतिया की जनता जागरूक और समझदार है. मां पीतांबरा की कृपा से जनता सही निर्णय लेगी और विकास के पक्ष में मतदान करेगी.

ये भी पढे़ं: ‘नरोत्तम मिश्रा की हार तय थी, अब मुकाबला कड़ा होगा’, आशुतोष तिवारी को BJP उम्मीदवार बनाने पर बोले राजेंद्र भारती

Exit mobile version