IAS Jagrati Awasthi: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में देशभर में दूसरी रैंक हासिल करने वाली आईएएस अधिकारी जागृति अवस्थी एक बार फिर चर्चा में हैं. सोनभद्र में तैनात जागृति अवस्थी ने जिले के सरकारी अस्पताल के एमसीएच विंग में बेटे को जन्म दिया. खास बात यह है कि प्रशासनिक सेवा में ऊंचा मुकाम हासिल करने वाली जागृति और उनके पति गौरव पांडेय, जो आईपीएस अधिकारी हैं, ने प्रसव के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्र को चुना. उनके इस फैसले को सरकारी चिकित्सा सुविधाओं के प्रति भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है.
भोपाल से है जागृति अवस्थी का खास नाता
जागृति अवस्थी का मध्य प्रदेश से गहरा जुड़ाव है. वे मूल रूप से भोपाल की रहने वाली हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई भी इसी शहर में पूरी की है. उनके पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. फिलहाल वे सतना जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं. दोनों की शादी वर्ष 2025 में हुई थी. बेटे के जन्म की खबर मिलने के बाद सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और उनकी पत्नी आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा अस्पताल पहुंचे. उन्होंने नवजात को आशीर्वाद दिया और परिवार को शुभकामनाएं दीं.
ट्रैक्टर पर सवार होकर दुर्गम गांवों में पहुंची थीं IAS
जागृति अवस्थी अपनी अलग कार्यशैली के लिए भी जानी जाती हैं. सोनभद्र में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभालने के दौरान उन्होंने दूरदराज के इलाकों में पहुंचकर विकास कार्यों का जायजा लिया. एक बार वे ट्रैक्टर पर सवार होकर दुर्गम गांवों में निरीक्षण करने पहुंची थीं. उनके इस कदम ने प्रशासनिक कामकाज में जमीनी स्तर पर सक्रियता की मिसाल पेश की थी. जागृति समाजसेविका सुधा मूर्ति और मध्य प्रदेश की पूर्व सरपंच भक्ति शर्मा को अपना आदर्श मानती हैं.
बेटी को IAS बनाने के लिए मां ने छोड़ दी थी नौकरी
जागृति की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी बड़ा योगदान रहा है. उनके पिता सुरेश चंद्र अवस्थी होम्योपैथी के प्रोफेसर हैं, जबकि उनकी मां मधुलता अवस्थी पीटी शिक्षिका रह चुकी हैं. बेटी को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराने के लिए उनकी मां ने अपनी नौकरी तक छोड़ दी थी. परिवार ने भी उनकी तैयारी के लिए कई त्याग किए. बताया जाता है कि करीब चार साल तक घर में टेलीविजन नहीं चलाया गया, ताकि पढ़ाई में किसी तरह की बाधा न आए.
BHEL में नौकरी, फिर चुना सिविल सेवा का रास्ता
भोपाल स्थित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद जागृति ने गेट परीक्षा में 51वीं रैंक हासिल की थी. उन्हें भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) समेत सात कंपनियों में अधिकारी पद के लिए अवसर मिले. उन्होंने बीएचईएल में करीब दो साल तक नौकरी भी की, लेकिन समाज के लिए कुछ करने की इच्छा ने उन्हें सिविल सेवा की ओर प्रेरित किया.
पहले प्रयास में असफलता, दूसरे में हासिल की ऑल इंडिया दूसरी रैंक
जागृति को यूपीएससी के पहले प्रयास में असफलता मिली थी और वे प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर सकी थीं. हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और वर्ष 2020 में दूसरे प्रयास में समाजशास्त्र विषय के साथ परीक्षा पास कर ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल की. उनकी यह उपलब्धि लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है. अब बेटे के जन्म के बाद एक बार फिर जागृति अवस्थी अपनी उपलब्धियों और फैसले को लेकर चर्चा में हैं.
