इंदौर से शुरू होगी जीतू पटवारी की 200KM की साइकिल यात्रा, भोपाल तक हर जिले से जुड़ेंगे 500 साइकिल यात्री
जीतू पटवारी साइकिल यात्रा
Jitu Patwari Cycle Yatra: मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर से भोपाल तक का सफर साइकिल से तय करने जा रहे हैं. उनकी यह यात्रा नीट यूजी की परीक्षा, सीबीएसई एग्जाम में गड़बड़ी पेपर लीक बेरोजगारी जैसी समस्याओं को लेकर होगी. जिसका नेतृत्व खुद जीतू पटवारी कर रहे हैं. जीतू पटवारी की इस साइकिल यात्रा में हर जिले से करीब 500 साइकिल यात्री जुड़ेंगे. इस दौरान वे युवाओं और छात्रों से संवाद भी करेंगे.
कहां से शुरू होगी यात्रा?
जीतू पटवारी की यात्रा सोमवार, 14 जुलाई को सुबह करीब 8 बजे इंदौर के डीएवीवी के करीब RNT (रवीन्द्र नाथ टैगोर) मार्ग से शुरू होगी, जो इंदौर, देवास, सीहोर से होते हुए भोपाल पहुंचेगी. इंदौर से चलने के बाद यह यात्रा पहले दिन सीहोर जिले के आष्टा कस्बे में ठहरेगी. यहां रात्रि विश्राम होगा, फिर अगले दिन 15 जुलाई को यात्रा की शुरुआत होगी.
सरकार पर साधा निशाना
जीतू पटवारी ने कहा, हम इंदौर से भोपाल तक 200 किलोमीटर की यात्रा दो दिनों में पूरी करेंगे. इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में हर बीजेपी का नेता पेपर माफिया नहीं हैं लेकिन जहां पेपर लीक होते हैं वहां बीजेपी के नेता का ही नाम आता है. वैसी ही हर मंदिर में चोरी नहीं होती लेकिन जिस मंदिर में चोरी होती है वहां बीजेपी और आरएसएस के लोग ही क्यों सामने आते हैं? मेरा यह सवाल प्रदेश के सामने हैं तो उसका जवाब मुख्यमंत्री और सरकार को देना पड़ेगा.
ये भी पढ़ेंः दतिया में जातीय समीकरणों का महादंगल, समाजवार नेताओं की तैनाती में जुटीं बीजेपी और कांग्रेस
व्यापम चौराहे की नहीं मिली अनुमति
साइकिल यात्रा के समन्वयक आनंद जाट ने बताया कि यह यात्रा इंदौर से शुरू हो रही है. जिसका समापन भोपाल के व्यापम चौराहे पर किया जाना है. व्यापम नाम की संस्था ने हजारों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है. लेकिन यहां पर प्रशासन की अनुमति नहीं मिल रही है. हमने विकल्प के तौर पर प्रशासन को लिली टॉकीज चौराहा, इमामी गेट की जगह बताई, लेकिन वे नहीं माने और मोतिया तालाब के सामने अनुमति दे रहे हैं. वहां पर बहुत सारे अस्पताल हैं. अगर वहां पर यात्रा का समापन करेंगे, तो मरीजों को दिक्कत हो सकती है.