MP News: एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा केस में आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. मंगलवार को मामले में भोपाल जिला अदालत में सुनवाई हुई. कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत 28 जुलाई तक बढ़ा दी है. सुनवाई के दौरान जांच एजेंसियों ने दोनों पर जांच में सहयोग ना करने का आरोप लगाया है.
‘समर्थ सिंह ने वॉयस सैंपल देने से साफ इनकार किया’
अनुदिता गुप्ता की कोर्ट में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने बताया कि गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह दोनों जांच में सहयगोग नहीं कर रहे हैं. कोर्ट के आदेश के बाद भी दोनों के वॉयस सैंपल नहीं मिले हैं. गिरिबाला सिंह ने एक सैंपल दिया है, लेकिन वो उनकी वास्तविक आवाज से मेल नहीं खा रहा है. वहीं समर्थ ने तो वॉयस सैंपल देने से साफ इनकार कर दिया है. जिसके बाद कोर्ट ने कहा कि दोनों को वॉयस सैंपल देना ही होगा. जांच एजेंसी को सख्ती के साथ आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं. हालांकि ट्विशा के परिजनों की तरफ से केस लड़ रहे शुभांग दीक्षित का कहना है कि गिरिबाला सिंह ने एक बार भी वॉयस सैंपल नहीं दिया है.
दिल्ली AIIMS की रिपोर्ट अभी तक कोर्ट नहीं पहुंची
वहीं दिल्ली एम्स से करवाए दोबारा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट अभी तक कोर्ट नहीं पहुंची है. सीबीआई का कहना है कि उन्हें दोबारा पीएम का कोई अपडेट नहीं मिला है. हालांकि बताया जा रहा है कि हाई कोर्ट के आदेश पर दिल्ली एम्स से दोबारा पोस्टमार्टम करवाया गया था, इसलिए इसको जिला कोर्ट में पेश नहीं किया गया है. वहीं भोपाल एम्स की तरफ से कोर्ट में बताया गया कि पीएम रिपोर्ट पहले ही सीबीआई को दी जा चुकी है, अलग से कोई भी अपडेट की जरूरत नहीं है.
60 दिन में पेश करनी है चार्ज शीट
जानकारी के मुताबिक 25 मई को सीबीआई ने केस को हाथ में लिया था. इसलिए सीबीआई को 60 दिनों में चार्जशीट दाखिल करना होगा. अगर सीबीआई ऐसा नहीं कर पाई तो दोनों आरोपी जमानत के लिए याचिका लगा सकेंगे. फिलहाल गिरिबाला सिंह और उनका बेटा समर्थ सिंह दोनों ही भोपाल जेल में बंद हैं.
