भोपाल: मध्य प्रदेश के धान किसानों के लिए बेहद अहम खबर सामने आ रही है. धान की खरीदी का इंतजार कर रहे किसानों के लिए खुशखबरी है. एमपी सरकार ने 2026-27 के लिए एमएसपी पर धान, ज्वार और बाजरा की उपार्जन नीति घोषित कर दी है. इस उपार्जन नीति के अनुसार प्रदेश में धान की खरीदी 1 दिसंबर से शुरू होने वाली है और ये 20 जनवरी तक चलेगी.
ज्वार और बाजरा की खरीदी हो चुकी है शुरू
बता दें कि ज्वार और बाजरा की खरीदी पहले ही 23 नवंबर से शुरू हो चुकी है जो 23 दिसंबर तक चलने वाली है. धान की खरीदी के बारे में बात करें तो धान की खरीदी सभी केंद्रों पर रोज सुबह 8 बजे से शुरू होकर रात 8 बजे तक चलेगी. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस संबंध में निर्देश भी जारी कर दिए हैं.
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिए निर्देश
गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अफसरों को उपार्जन नीति का पालन करने का निर्देश दिया है जिससे सभी किसानों को लाभ मिल सके. उन्होंने ये भी कहा कि है अगर किसी भी प्रकार की लापरवाही की जानकारी मिलती है तो अधिकारियों और कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई की जाएंगी.
प्रदेश में नोडल एजेंसी तय
उन्होंने जानकारी दी है कि समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के उपार्जन के लिए मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज़ कार्पोरेशन नोडल एजेंसी है. वहीं, कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपए तय किया गया है. धान ग्रेड-ए का रेट 2461 रुपए है. इसके साथ ज्वार मालदंडी का 4073 और ज्वार हाइब्रिड का समर्थन मूल्य 4023 रुपए प्रति क्विंटल है. बाजारा का 2900 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य रखा गया है.
6.77 लाख किसानों ने कराया पंजीयन
इस बार प्रदेश में धान बेचने के लिए 6.77 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है. पंजीयन प्रक्रिया 15 सितंबर से 4 नवंबर तक चली थी. हालांकि अक्टूबर में जारी विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 10 अक्टूबर तक 6.77 लाख धान उत्पादक किसानों का पंजीयन हुआ था. बाद की रिपोर्टों में पंजीयन संख्या बढ़कर 8.68 लाख से अधिक बताई गई. इससे खरीदी के दायरे और बारदानों की जरूरत का दबाव भी बढ़ सकता है.
