MP News: भारत टेक्स-2026 में मध्यप्रदेश ने अपने सशक्त टेक्सटाइल एवं गारमेंट इकोसिस्टम का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए निवेशकों और वैश्विक उद्योग जगत का ध्यान आकर्षित किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत मंडपम में स्थापित मध्यप्रदेश पवेलियन का भ्रमण कर राज्य की औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश संभावनाओं तथा टेक्सटाइल क्षेत्र में विकसित हो रहे इकोसिस्टम का अवलोकन किया. इस अवसर पर उन्होंने देश की अग्रणी टेक्सटाइल एवं गारमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा भी की.
प्रमुख उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें
मुख्यमंत्री ने अनेक प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ व्यक्तिगत बैठकें कर राज्य में नए निवेश, उद्योग विस्तार, रोजगार सृजन तथा निर्यात वृद्धि की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया. उद्योग प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश की उद्योग-अनुकूल नीतियों, पर्याप्त कच्चे माल की उपलब्धता, बेहतर कनेक्टिविटी और विकसित हो रहे औद्योगिक बुनियादी ढांचे की सराहना करते हुए राज्य में निवेश की गहरी रुचि व्यक्त की.
₹1,592 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
भारत टेक्स-2026 के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से मध्यप्रदेश को कुल ₹1,592 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए. इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से 15,700 से अधिक नए रोजगार सृजित होने की संभावना है. निवेश प्रस्ताव टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग, स्पिनिंग, गारमेंट निर्माण, इनरवेयर, अपैरल तथा निर्यात आधारित विनिर्माण इकाइयों से संबंधित हैं.
टेक्सटाइल सेक्टर राउंड टेबल में उद्योग जगत से संवाद
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह की उपस्थिति में आयोजित टेक्सटाइल सेक्टर राउंड टेबल में भाग लिया. 100 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों की सहभागिता वाले इस संवाद में निर्यात संवर्धन, कौशल विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और निवेश को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई. उद्योग जगत ने राज्य सरकार को कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए.
‘फार्म टू फैशन’ का सशक्त मॉडल बना मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सबसे बड़ा ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य है और देश के कुल ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादन में लगभग 47 प्रतिशत योगदान देता है. राज्य में कपास उत्पादन से लेकर जिनिंग, स्पिनिंग, वीविंग, डाइंग, फिनिशिंग और तैयार परिधान निर्माण तक संपूर्ण वैल्यू चेन उपलब्ध है, जिससे मध्यप्रदेश ‘फार्म टू फैशन’ मॉडल के रूप में तेजी से उभर रहा है.
पीएम मित्रा पार्क बनेगा टेक्सटाइल क्षेत्र का नया ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि धार जिले में 2,158 एकड़ में विकसित हो रहा देश का सबसे बड़ा पीएम मित्रा पार्क टेक्सटाइल क्षेत्र की दिशा बदलने वाला प्रोजेक्ट है. इस पार्क के लिए लगभग ₹20,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं तथा 30 से अधिक प्रमुख कंपनियां अपनी रुचि दर्ज करा चुकी हैं. इससे लगभग 44 हजार रोजगार सृजित होंगे और कपास से तैयार परिधान तक संपूर्ण वैल्यू चेन एक ही परिसर में विकसित होगी.
देश की सबसे आकर्षक प्रोत्साहन नीतियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर उद्योगों के लिए देश की सबसे आकर्षक औद्योगिक प्रोत्साहन नीतियां लागू कर रही है. पात्र इकाइयों को पूंजी निवेश पर प्रोत्साहन, ब्याज अनुदान, विद्युत शुल्क प्रतिपूर्ति, भूमि प्रीमियम में रियायत और स्टाम्प ड्यूटी की पूर्ण प्रतिपूर्ति जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. राज्य सरकार महिला रोजगार, कौशल विकास और आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है.
GIS-2027 में निवेशकों को आमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्योग जगत से मध्यप्रदेश को देश का सबसे पसंदीदा टेक्सटाइल एवं गारमेंट निवेश गंतव्य बनाने में सहयोग का आह्वान किया. उन्होंने सभी उद्योग प्रतिनिधियों को जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में भाग लेने का आमंत्रण देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सहभागिता से मध्यप्रदेश टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र में नई वैश्विक ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.
