Vistaar NEWS

‘हम भी नहीं चाहते टीचर परीक्षा दें…’, MP TET को लेकर मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने और क्या कहा?

MP Education Minister Rao Uday Pratap

मध्य प्रदेश के शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह

MP Education Minister Interview: शिक्षक दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने विस्तार न्यूज के ग्रुप एडिटर ब्रजेश राजपूत को दिए इंटरव्यू के दौरान कई अहम बातें बताई हैं. इस दौरान शिक्षकों के आंदोलन पर शिक्षा मंत्री ने खुलकर बात की और उन्होंने कहा कि हम TET मामले में शिक्षकों के साथ हैं. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में इस साल और कितनी भर्तियां आने वाली हैं. पढ़ें मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने और क्या कहा?

पद बढ़ाने को लेकर क्या बोले?

शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने को लेकर मंत्री उदय प्रताप ने कहा, मान लीजिए एक विज्ञापन कुछ पदों के लिए हुआ. जिसमें अभ्यर्थियों ने आवेदन किया और पात्रता परीक्षा पास की. अब इसके बाद लोगों की मांग रहती है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद विज्ञापन में बताए गए पदों में वृद्धि कर दें. न तो ये हमारे विभाग के मापदंड इजाजत देते हैं और इसकी न ही न्यायालय इजाजत देगा. अगर हम नियमों के उल्लंघन की भी कोशिश करें, तो आज से पास हुए बच्चे कहेंगे कि अगर पुराने अभ्यर्थियों से ही पद भर देंगे, तो हम कहां जाएंगे. इसमें काफी समस्याएं हैं. इसलिए हम जो भी कर रहे हैं. कानून के हिसाब से ही कर रहे हैं. पद बढ़ाना अगर कानून में होता तो हम 100 प्रतिशत कर देते.

दिग्विजय सिंह को लेकर क्या बोले?

शिक्षकों के धरने में आज पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए थे. इस दौरान जब दिग्विजय सिंह को लेकर शिक्षा मंत्री से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि दिग्विजय सिंह से भी हमने यही कहा कि हम नियमों के बाहर नहीं जा सकते हैं. वहीं, दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिक्षक तो बोल रहे हैं कि ऐसे हो जाता है. इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि अतिथि शिक्षक कम पैसों में मिल रहे हैं. इसलिए आप भर्तियां नहीं कर रहे हैं.

क्यों नहीं हो सकतीं 72,000 पदों पर भर्तियां?

शिक्षा मंत्री ने बताया कि एससी-एसटी का बैकलॉग लगातार चल रहा है और 72,000 में बैकलॉग को भी गिन लिया गया है. जबकि उनके पदों को आप सामान्य में नहीं भर सकते हैं. इसके लिए कोई नियम भी नहीं है और न्यायालय भी कहता है कि वे जब मिलेंगे तब भरा जाएगा, लेकिन उनकी जगह पर किसी दूसरे को नहीं भरा जाएगा. इसके अलावा ओबीसी रिजर्वेसन के लिए 13 प्रतिशत बचाकर रखा जाएगा. क्योंकि मामला कोर्ट में लंबित है. हम जल्द ही 18,000 पदों पर भर्तियां करने वाले हैं.

ये भी पढ़ेंः ‘घंटा फायदा होगा…’, राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले सियासी घमासान, रागिनी नायक ने कैलाश विजयवर्गीय पर कसा तंज

TET को लेकर क्या बोले?

TET को लेकर मंत्री ने कहा, हम भी नहीं चाहते कि हमारे शिक्षक जो पुराने मापदंडो के आधार पर टीचर बने हैं. आज उनको क्यों टेस्ट देना. मैं भी उसके साथ हूं. हमने एक बार नहीं, बल्कि कई बार यह बात कही है. मध्य प्रदेश सरकार ने इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में एक पिटीशन भी दायर की है. लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि आपको इनके टेस्ट कराने ही हैं. कोर्ट की अवहेलना कौन कर सकता है? हमारे मुख्यमंत्री जी ने यह तय किया है आगे होने वाली TET परीक्षा ऑफलाइन मोड में भी की जाएगी.

Exit mobile version