Arnab Cyclone Yellow Alert: मध्य प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर दिखाई दे रहा है. आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद तूफान छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के हिस्सों से गुजरते हुए उत्तर भारत की ओर निकल जाएगा. मौसम विभाग ने राज्य के 31 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार अगले 4 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कही तेज तो कहीं बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा.
किन जिलों के लिए चेतावनी जारी?
मौसम विभाग ने सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट, भोपाल, नर्मदापुरम, भिंड, दतिया, रायसेन, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
IMD के मुताबिक 29 अक्तूबर को पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जहां प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश होगी, वहीं पश्चिम हिस्से में धूप खिली रहेगी. कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार दिखाई दे रहे हैं.
शाजापुर का गिरवर सबसे ठंडा शहर
मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर शाजापुर जिले का गिरवर रहा. यहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. शहडोल के कल्याणपुर और पचमढ़ी में 13.8 डिग्री, रायसेन में 14.5 डिग्री, कटनी जिले के करौंदी में 14.7 डिग्री और दमोह में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, उज्जैन राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें: MP News: भोपाल से इंडिगो की फ्लाइट रद्द, शिवराज सिंह चौहान भी फंसे, दिल्ली जा रहा था विमान
किन बातों का ख्याल रखें?
- उफनती नदी, नालों से दूर रहें. भारी बारिश के दौरान बिजली के खंभों, पेड़, कमजोर संरचनाओं और अस्थायी शेड से दूर रहें.
- आंधी-तूफान के दौरान खेतों में काम करने से बचें.
- मौसम में बदलाव होने पर यात्रा करने से बचें.
