CM आवास पर नरोत्तम मिश्रा की मुख्यमंत्री और हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात, पूर्व गृह मंत्री बोले- कार्यकर्ता की तरह करूंगा प्रचार
नरोत्तम मिश्रा ने सीएम आवास पर मुख्यमंत्री और हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की.
Narottam Mishra Meets Mohan Yadav: दतिया सीट से टिकट कटने के बाद मचे सियासी घमासान के बीच शनिवार रात नरोत्तम मिश्रा ने सीएम आवास पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात की. इस दौरान प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री आवास पर करीब 50 मिनट तक बैठक चली. हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने पर जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दिया था, उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं किए गए हैं. सभी लोग मिलकर पार्टी के लिए काम करेंगे.
‘चुनाव में कार्यकर्ता की तरह प्रचार करूंगा’
मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने विस्तार न्यूज से बात की. इस दौरान उन्होंने कहा, ’50 मिनट तक बातचीत हुई. इस दौरान दतिया उपचुनाव की जीत को लेकर चर्चा की गई. आशुतोष तिवारी बीजेपी के समर्पित कार्यकर्ता हैं. दतिया सीट अच्छे वोटों से जीतेंगे. मैं एक कार्यकर्ता की तरह चुनाव में प्रचार करूंगा.’
‘किसी का इस्तीफा मंजूर नहीं किया’
दतिया उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. वहां कुछ लोगों ने भाव आवेश में पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि इस्तीफा मेरे पास तक नहीं आया है. अभी मुझे सिर्फ जानकारी मिली है. लेकिन पार्टी ने तय किया है कि किसी का भी इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा. नरोत्तम मिश्रा हमारे वरिष्ठ नेता है. उनके मार्गदर्शन में दतिया का चुनाव लड़ा जाएगा. सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ेंगे.’
बता दें कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधायकी रद्द होने के बाद यहां चुनाव आयोग ने उपचुनाव करवाने का फैसला लिया था. जिसके बाद बीजेपी की तरफ से नरोत्तम मिश्रा का नाम तय माना जा रहा था. लेकिन 10 जुलाई को बीजेपी ने आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान कर दिया. जिसके साथ ही नरोत्तम के समर्थकों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया था और दतिया में कई जगह हिंसा देखी गई थी. दतिया की बीजेपी कार्यकारिणी ने एकसाथ इस्तीफा दे दिया था.
ये भी पढे़ं: दतिया उपचुनाव: घनश्याम सिंह होंगे कांग्रेस उम्मीदवार, प्रदेश संगठन ने आलाकमान को भेजा था एक ही नाम