Vistaar NEWS

ड्यूटी के दौरान लाउंज में बैठकर हुक्का गुड़गुड़ाता दिखा पुलिसकर्मी, भोपाल में वीडियो वायरल होने पर CP बोले- जांच कर रहे

A policeman was seen smoking hookah in Bhopal.

भोपाल में हुक्का फूंकता हुआ दिखाई दिया पुलिसकर्मी.

MP News: राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा विवाद अब और गहरा गया है. थाना प्रभारी के खिलाफ लगाए गए वसूली के आरोपों के बीच अब एक पुलिसकर्मी का ड्यूटी के दौरान हुक्का लाउंज में बैठकर हुक्का पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद भोपाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, पहले तत्कालीन कोहेफिजा थाना प्रभारी के खिलाफ वसूली के आरोप लगाते हुए शिकायत की गई थी. इसके बाद थाना प्रभारी ने भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर आरोपों को निराधार बताया है. अब दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है.

पुलिस कमिश्नर बोले- फोरेंसिंक एक्सपर्ट्स से जांच करवाएंगे

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि विभाग को इस मामले में कई शिकायतें मिली हैं. वायरल वीडियो भी संज्ञान में आया है. उन्होंने बताया कि पांच से छह पुलिसकर्मियों को बयान के लिए बुलाया गया है और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस कमिश्नर के अनुसार, वसूली के आरोपों और वायरल सामग्री की सत्यता की जांच फोरेंसिक विशेषज्ञों से कराई जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी.

आरोपों को बेबुनियाद बताया

वहीं, तत्कालीन कोहेफिजा थाना प्रभारी निरीक्षक के.जी. शुक्ला ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी पुलिसकर्मी को वसूली के लिए कोई सूची नहीं दी और ना ही किसी प्रकार का अवैध निर्देश जारी किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने की साजिश के तहत फर्जी सूची और शिकायतें तैयार की गई हैं. इस संबंध में उन्होंने पुलिस कमिश्नर, डीजीपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है तथा कहा है कि वे हर स्तर की जांच में पूरा सहयोग करेंगे.

ये भी पढ़ें: शिवपुरी में भू-माफिया पर चला प्रशासन का ‘चाबुक’, 15 करोड़ की मंदिर जमीन अतिक्रमण मुक्त, आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया

Exit mobile version