Vistaar NEWS

‘कांग्रेस की अंतर्कलह के कारण दूसरे पर कीचड़ ना उछालें’, वीर भारत न्यास पर दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी के मतभेदों पर BJP का तंज

BJP MLA Rameshwar Sharma

बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा

MP Politics: वीर भारत न्यास को लेकर कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं में मतभेद देखने को मिल रहा है. जहां एक ओर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने इसको लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने वीर भारत न्यास को क्लीन चिट दे दी है. अब इसको लेकर सूबे की सियासत गरम हो गई है. वहीं बीजेपी ने भी कांग्रेस की इस अंतर्कलह पर तंज कसा है. बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए नसीहत दे डाली है कि उन्हें इस तरह किसी पर कीचड़ नहीं उछालना चाहिए.

‘जीतू पटवारी को कांग्रेस में खाद नहीं मिल रहा, कनेक्शन कट गया’

बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने जीतू पटवारी पर तंज कसते हुए कहा, ‘जीतू पटवारी अब क्या बोलेंगे. उन्हें खुद ही कांग्रेस में खाद नहीं मिल रही है. चाहें दिग्विजय सिंह हों या कमलनाथ या फिर अरुण यादव सभी ने उनका कनेक्शन काट दिया है. उमंग सिंघार ने भी उनके खेत में बिजली, पानी का कनेक्शन काट दिया है. इसलिए अब जीतू पटवारी को इस तरह किसी दूसरे पर कीचड़ नहीं उछालना चाहिए. दिग्विजय सिंह ने जीतू पटवारी की आंखें खोल दी है. जीतू पटवारी में वीर भारत न्यास को लेकर तथ्यहीन आरोप लगाए हैं.’

रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा, ‘दिग्विजय सिंह 10 साल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं. वे ठीक से पढ़ना जानता हैं. वे ठीक से दस्तावेजों को समझते हैं. लेकिन जीतू पटवारी ने आव देखा ना ताव, बस अंधाधुंध वार कर दिया. मैं जीतू पटवारी को कई बार हाथ जोड़कर विनती कर चुका हूं, कि इस तरह जबरन किसी पर कीचड़ मत उछाला करो. वीर भारत न्यास पूरी तरह सरकारी न्यास है. इसका पंजीयन अभी का नहीं है, पुराना पंजीयन है. इसमें भारत माता के वीर सपूतों के बारे में है. कम से कम दिग्विजय सिंह ने जीतू पटवारी की आंख खोल दी.’

‘हम राहुल गांधी नहीं जो कमलनाथ का अपमान कर दें’

वहीं छिंदवाड़ा में लगे कमलनाथ के लापता विधायक के पोस्टर पर रामेश्वर शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है. रामेश्वर शर्मा ने कहा, ‘कमलनाथ जी गायब भी रहेंगे, तब भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव संपूर्ण प्रदेश का विकास करेंगे. जनता जो भाजपा कार्यकर्ताओं को बताएगी, हम उनका काम करेंगे. कमलनाथ वरिष्ठ नेता हैं. हम राहुल गांधी नहीं है, जो कमलनाथ का अपमान कर दें.’

ये भी पढ़ें: लहार में पहली बार आसमान से उतरी दुल्हन! हेलीकॉप्टर से हुई भव्य विदाई, देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा

Exit mobile version