Vistaar NEWS

व‍िस्‍तार न्‍यूज की होनहार पत्रकार सपना कुमारी का सड़क हादसे में न‍िधन, भदभदा चौराहे पर ट्रक ने मारी टक्‍कर

A heartfelt tribute to Sapna Kumari

सपना कुमारी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Bhopal: विस्तार न्यूज के लिए बेहद मुश्किल वक्त है. आज भोपाल के भदभदा चौराहे पर सुबह करीब 8 बजे हुए सड़क हादसे में होनहार पत्रकार सपना कुमारी ने दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. सपना रैप‍िडो बाइक से अपने ऑफिस जा रही थीं, इसी दौरान एक दूसरा बाइक सवार रैपिडो बाइक के पास से तेजी से गुजरा, जिसके बाद सपना जिस गाड़ी पर सवार थीं उसका संतुलन बिगड़ गया. जिसकी वजह से गाड़ी फ‍िसल गई और सपना सड़क पर गिर गईं. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्‍हें कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में सपना कुमारी का निधन हो गया.

हादसे की जानकारी मिलने के बाद कमला नगर थाना पुलिस घटनास्‍थल पर पहुंची और शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया. बाइक सवार और डंपर चालक की तलाश में पुल‍िस जुट गई है. वहीं, डंपर को पुल‍िस ने जब्‍त कर लि‍या है.

बक्सर से भोपाल का तय किया सफर

सपना मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली थीं. उन्होंने बक्सर से भोपाल का सफर तय किया था. उम्र कम थी, लेकिन दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी होने का एहसास उनमें कहीं ज्यादा था. असम में पदस्थ अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए सपना ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की और फिर 2 मार्च 2026 को विस्तार न्यूज में बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर अपने करियर और जिंदगी की नई शुरुआत की.

संस्थान में हंसकर निभा रही थीं जिम्मेदारियां

सपना कुमारी ने कम समय में अपने काम से न केवल संस्थान, बल्कि संस्थान के लोगों के दिलों में भी जगह बना ली. जिम्मेदारियों को हंसकर निभाना, काम के प्रति निष्ठा और समर्पण, सीनियर्स का सम्मान और संस्था को परिवार मानना उनके स्वभाव में था. सफर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था, लेकिन शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था.

13 नवंबर को मनाया था जन्मदिन

ठीक दो दिन पहले, 13 नवंबर को दफ्तर में सपना का जन्मदिन मनाया गया. अपनों से दूर विस्तार परिवार उनके साथ था. हर दिल में सपना के लिए शुभकामनाएं थीं. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह उनका आखिरी जन्मदिन होगा. विस्तार न्यूज के लिए यह बेहद कठिन और दुख की घड़ी है. हर आंख नम है, हर चेहरा उदास है और दुआ बस यही है कि ईश्वर सपना की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति दें.

विस्तार परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि

विस्तार न्यूज के लिए सपना कुमारी का जाना एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई होना संभव नहीं है. विस्तार न्यूज दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है. बेशक सपना अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सौम्य मुस्कान, काम के प्रति लगन और संस्था के प्रति समर्पण हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेगा. विस्तार न्यूज परिवार की ओर से सपना कुमारी को विनम्र श्रद्धांजलि.

Exit mobile version