Vistaar NEWS

क्या कभी कोहिनूर को वापस लाने की कोशिश हुई थी? इसी सवाल पर आधारित है यह रोमांचक उपन्यास

The Royal Kohinoor Heist – A 1930s Spy Thriller

द रॉयल कोहिनूर हीस्ट – ए 1930s स्पाई थ्रिलर

कोहिनूर हीरा सदियों से भारतीयों की कल्पना, इतिहास और भावनाओं का हिस्सा रहा है. लेकिन क्या कभी किसी भारतीय ने उसे ब्रिटिश साम्राज्य से वापस लाने का साहसिक प्रयास किया होगा? इसी दिलचस्प प्रश्न के इर्द-गिर्द बुना गया है गौरव एस. कर्रिर का ऐतिहासिक जासूसी उपन्यास ‘द रॉयल कोहिनूर हीस्ट – ए 1930s स्पाई थ्रिलर’.

उपन्यास का नायक कौन है?

उपन्यास का नायक केहर सिंह है, जो पंजाब का एक युवा सिख हॉकी खिलाड़ी है. बचपन से कोहिनूर की कहानी सुनते-सुनते उसके मन में एक सपना जन्म लेता है, एक ऐसा सपना जिसे दुनिया असंभव मानती है. यह सपना उसे भारत से अफगानिस्तान, सोवियत संघ, नाजी जर्मनी और अंततः 1936 के लंदन तक ले जाता है.

लेखक ने इतिहास और कल्पना को इस तरह जोड़ा है कि पाठक लगातार सोचता रहता है.क्या ऐसा सचमुच हो सकता था? कहानी में जासूसी, पीछा, राजनीतिक षड्यंत्र, ब्रिटिश राजशाही का संकट और एक साहसी मिशन सब कुछ मौजूद है. लेकिन इसके केंद्र में केवल कोहिनूर नहीं, बल्कि एक ऐसे युवा की जिद है जो मानता है कि कुछ सपने असंभव नहीं होते.

उपन्यास की सबसे बड़ी ताकत

उपन्यास की सबसे बड़ी ताकत इसका अनोखा कथानक है. कोहिनूर पर अनेक लेख और बहसें हुई हैं, लेकिन उसे लेकर रचा गया ऐसा साहसिक काल्पनिक आख्यान कम ही देखने को मिलता है. इतिहास, रहस्य और रोमांच पसंद करने वाले पाठकों के लिए ‘द रॉयल कोहिनूर हीस्ट’ एक रोचक और विचारोत्तेजक अनुभव है. पुस्तक पढ़ने के बाद शायद पाठकों के मन में भी वही प्रश्न उठे, अगर कोहिनूर बोल पाता, तो वह अपनी कहानी किसे सुनाता?

उपन्यास की एक और दिलचस्प विशेषता इसका अंतिम भाग है. कहानी समाप्त होने के बाद लेखक पाठकों को कोहिनूर के वास्तविक इतिहास और उससे जुड़ी समकालीन बहसों की ओर ले जाता है. पुस्तक के अंत में एक क्यूआर कोड भी दिया गया है, जिसके माध्यम से पाठक भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को कोहिनूर की वापसी के समर्थन में अपना संदेश भेज सकते हैं.

ये तत्व करता है उपन्यास को सबसे अलग

यह पहल पाठकों को केवल कहानी का दर्शक नहीं रहने देती, बल्कि उन्हें इतिहास और विरासत से जुड़े एक बड़े संवाद का हिस्सा बनने का अवसर भी देती है. यही तत्व ‘द रॉयल कोहिनूर हीस्ट’ को एक साधारण ऐतिहासिक थ्रिलर से अलग बनाता है. यह केवल एक साहसिक कहानी नहीं, बल्कि अतीत, स्मृति और सांस्कृतिक विरासत पर विचार करने का निमंत्रण भी है.

Exit mobile version