MP Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से मध्य प्रदेश में बीते चार दिनों से मौसम अस्थिर बना रहा है. मंगलवार को भोपाल और ग्वालियर सहित 15 से अधिक जिलों में कहीं बारिश तो कहीं ओलावृष्टि देखने को मिली है. बुधवार सुबह प्रदेश के करीब 20 से ज्यादा जिलों में हल्के से लेकर घने कोहरे की स्थिति बनी रही है. हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश और ओले गिरने को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
प्रदेश के कई शहरों में छाया कोहरा
सुबह के समय भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जैसे जिलों में कोहरे का असर देखा गया है. कुछ इलाकों में कोहरा हल्का रहा, जबकि कई जगह दृश्यता काफी कम रही. आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम और कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है.
दूसरे राज्यों में बर्फबारी से एमपी में बढ़ सकती है ठंड
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हो रही भारी बर्फबारी और बारिश का असर आगे चलकर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा. जैसे ही यह सिस्टम वापस लौटेगा, प्रदेश में ठंड का एक और दौर शुरू हो सकता है. इसके चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सर्दी का असर फिर से तेज होने के आसार हैं.
ये भी पढे़ं- 7 फरवरी से शुरू होगा समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन, जानिए कहां और कैसे मिलेगी जानकारी
