मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. ये घटना शहर के महाजपुरा थाना क्षेत्र के पटरी रोड पर हुई. मामला बुधवार सुबह का बताया जा रहा है. यहां पर बीएसएप के एक रिटायर्ड जवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ससुर-दामाद पर 15 से 20 राउंड दनादन फायरिंग कर दी. इस घटना में दामाद की मौत हो गई वहीं ससुर वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.
जिले की एडिशनल एसपी सुमन गु्र्जर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सरकारी जमीन पर रेत डंप करने को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी. बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. गाली-गलौज होनी और आवेश में आकर आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया.
बदमाशों ने चारों तरफ से घेर लिया
जब पीड़ित महेंद्र उर्फ भोला गुर्जर और सत्यभान गुर्जर (ससुर-दामाद) पटरी रोड से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. इससे पहले कि दोनों संभल पाते, मुख्य आरोपी रिटायर्ड फौजी विष्णु दुबे और उसके साथियों ने कट्टों और पिस्तौल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जैसे ही गोलियां लगी दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए.
भोला गुर्जर ने मौके पर तोड़ा दम
आसपास के लोगों ने जब तक घायलों को अस्पताल पहुंचाया तब तक ज्यादा खून बहने से महेंद्र उर्फ भोला गुर्जर ने दम तोड़ दिया. वहीं सत्यभान अस्पताल में भर्ती है. एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर के अनुसार, मुख्य आरोपी विष्णु दुबे और उसके साथियों के खिलाफ हत्या (IPC 302) और हत्या के प्रयास (IPC 307) की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की खोज जारी है.
