Vistaar NEWS

Morena News: खबर का बड़ा असर, प्रधानाध्यापक नीतू तोमर निलंबित, कलेक्टर के निर्देश पर DEO ने की कार्रवाई

Badgaon Primary School

बड़ागांव प्राथमिक स्कूल

इनपुट-मनोज शर्मा

Morena News: शासकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाध्यापक नीतू तोमर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध (अटैच) किया गया है.

विद्यालय की गंभीर लापरवाहियां उजागर

गौरतलब है कि विद्यालय की गंभीर लापरवाहियां उजागर हुई थीं. विद्यालय परिसर में पानी की टंकी होने के बावजूद उसमें पानी की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण मासूम छात्र-छात्राओं को पीने के पानी के लिए करीब 200 मीटर दूर सड़क पार करनी पड़ रही थी. इतना ही नहीं, मध्यान्ह भोजन करने के बाद बच्चों से उनके जूठे बर्तन भी धुलवाए जा रहे थे. इसके लिए भी उन्हें विद्यालय से बाहर जाकर सड़क पार कर पानी लाना पड़ता था, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता था.

प्रधानाध्यापक नीतू तोमर निलंबित

मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया. कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक नीतू तोमर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है.

ये भी पढ़ें-मिड-डे मील के बाद छात्र खुद धो रहे जूठे बर्तन, मुरैना में पानी पीने के लिए सड़क पार करने को मजबूर

ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं के लिए प्रशासन से मांग की

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. वहीं ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि विद्यालय में पेयजल, स्वच्छता और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र दुरुस्त की जाएं, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.

Exit mobile version